Bokaro News : चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह स्थित देव मार्केट में शनिवार को एक हादसे में 17 वर्षीय किशोर की चौथी मंजिल से गिरने से मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान शिवांश उर्फ राहुल कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है.
इसे भी पढ़ें...
परिजनों के अनुसार, राहुल वर्ष 2027 में 10वीं की परीक्षा देने वाला था और इसकी तैयारी कर रहा था. उसके पिता युधिष्ठिर महतो मजदूरी करते हैं और काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहते हैं. परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर, जयपुर का रहने वाला है. पिछले करीब दो से ढाई वर्षों से राहुल अपनी मां के साथ चास के तेलीडीह स्थित देव मार्केट में किराए के मकान की चौथी मंजिल पर रह रहा था.
बताया जाता है कि शनिवार की सुबह सोकर उठने के बाद राहुल ने अपनी मां से घूमने जाने की बात कही. इसके बाद उसकी मां दोबारा सोने चली गई. इसी दौरान राहुल के चौथी मंजिल से नीचे गिरने की घटना हुई. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
इसके बाद मकान मालिक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी. सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडल अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

