Bhojpur News : बिहार में अपराधियों का मनोबल दिन ब दिन बढ़ता रही जा रहा है. आए दिन लूट, हत्या व मारपीट की खबरें आ रही है. ताजा मामला भोजपुर के पवना गांव का है, जहां दुर्गा पूजा घूमने निकले युवक की अपराधियों ने गोली मार हत्या कर दी.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, अजीमाबाद थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी शांतनु कुमार, पिता कुंदन सिंह दुर्गा पूजा घूमने के लिए अपनी मौसी के घर पवना गांव आया था.
शुक्रवार रात शांतनु अपने चचेरे भाइयों के साथ पंडाल घूमने के लिए निकला था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने शांतनु को गोली मार दी. अचानक गोली चलने से किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. गोली चलाने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
आनन-फानन में शांतनु को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया. अचानक हुई इस घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना की सूचना पवना थाना पुलिस को दी गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की. आसपास के लोगों और उसके चचेरे भाइयों से घटना की जानकारी ली. पुलिस पता लगा रही है कि कहीं शांतनु की किससे दुश्मनी थी. आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे है.
दुर्गापूजा जैसे भीड़भाड़ वाले त्योहार के दौरान हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस घटना से लोगों में काफी आक्रोश है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस कई बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

