Patna: जगहों के नाम बदलने की कड़ी में शिवभक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है. बिहार सरकार ने भागलपुर जिले के सुल्तानगंज और वहां के प्रमुख धार्मिक स्थलों के नाम बदलने का फैसला लिया है. नगर सभापति राजकुमार गुड्डू ने बताया कि उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शहरवासियों को आश्वस्त किया है कि निर्माणाधीन अगुवानी-अजगैबीनाथ धाम गंगा पुल से एक विशेष शहरी एप्रोच रोड बनाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि एप्रोच रोड के निर्माण जल्द शुरू होने वाला है. विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है. नगर सभापति ने यह भी बताया कि सुल्तानगंज का नाम बदलकर अजगैवीनाथ धाम करने की पहल बिहार सरकार और केंद्र सरकार दोनों स्तर पर तेज कर दी गई है. जल्द ही नाम बदलने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. नामांतरण के बाद धार्मिक महत्व को बढ़ावा मिलेगा.
बता दें, अजगैवीनाथ धाम गंगा तट पर स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक धार्मिक स्थल है. जहां सालभर श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहता है. खासकर विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान शिव भक्तों का हुजूम लगा रहता है. प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा का जल लेकर बाबा वैद्यनाथ की नगरी देवघर (झारखंड) में जलार्पण करने जाते हैं.
नगर सभापति ने बताया नामांतरण प्रस्ताव नगर परिषद की समान्य बैठक में 19 जून 2024 को बहुमते से पारित हो चुका है. जिसमें सुल्तानगंज शहर और स्टेशन के नामांतरण का प्रस्ताव पास किया गया था. इसे सरकार एवं मंत्रालय को भेजा गया है. प्रक्रिया पूरा होने के बाद शहर और स्टेशन का नाम अजगैवीनाथ धाम हो जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment