Bokaro News : जिले से लगातार चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं. ताजा मामला सेक्टर-4 थाना क्षेत्र से है, जहां बोकारो जनरल अस्पताल के पास पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने इलाज के लिए जा रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए.
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है. बताया जा रहा है कि एक दिन पहले भी चास थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने चेन छिनतई की घटना को अंजाम दिया था.
जानकारी के मुताबिक, खेदाडीह बांधगोड़ा के नजदीक रहने वाली नानी बाला देवी ऑटो से उतरकर नियमित जांच के लिए बोकारो जनरल अस्पताल के पिछले गेट की ओर जा रही थी. इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश रॉन्ग साइड से महिला के पास पहुंचे और उनके गले से करीब 15 से 20 ग्राम की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. प्रत्यक्षदर्शी दुकानदार विजेंद्र कुमार मिश्रा के मुताबिक, बाइक सवार दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद अंबेडकर चौक की ओर फरार हो गए.
वहीं पीड़ित महिला के पुत्र किरीटी भूषण चौधरी ने मामले को लेकर थाने में आवेदन दिया है. पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

