Search

 
 
 

Ranchi News: BIT मेसरा का 72वां स्थापना दिवस 15 जुलाई को, राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि

बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा 15 जुलाई को अपना 72 वां स्थापना दिवस मनाएगा. इस अवसर पर संस्थान में शोध, नवाचार, वैश्विक पूर्व छात्र नेटवर्क और नई अधोसंरचना परियोजनाओं को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
 
झारखंड की राजधानी रांची की खबरें

Ranchi: बिरला प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईटी) मेसरा 15 जुलाई को अपना 72 वां स्थापना दिवस मनाएगा. इस अवसर पर संस्थान में शोध, नवाचार, वैश्विक पूर्व छात्र नेटवर्क और नई अधोसंरचना परियोजनाओं को केंद्र में रखते हुए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. 

Uploaded Image

समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि होंगे. वहीं टेगा इंडस्ट्रीज लिमिटेड के चेयरमैन एवं बीआईटी मेसरा के 1964 बैच के पूर्व छात्र मदन मोहन मोहंका तथा आईआईटी भुवनेश्वर के निदेशक प्रो. श्रीपद करमलकर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे.

इसे भी पढ़ें: 

स्थापना दिवस पर 1986, 1996 और 2001 बैच के पूर्व छात्र विशेष बैच रीयूनियन में भाग लेंगे. देश-विदेश से आने वाले पूर्व छात्रों के बीच चयनित 11 प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों को 'डिस्टिंग्विश्ड एलुमनी अवार्ड' तथा 3 पूर्व शिक्षकों को 'डिस्टिंग्विश्ड टीचर अवार्ड' से सम्मानित किया जाएगा.

 

कार्यक्रम के दौरान रिसर्च कॉलोक्वियम का ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा. इसमें बायोटेक्नोलॉजी, कंप्यूटर साइंस, रिमोट सेंसिंग, रॉकेट्री और मैटेरियल साइंस सहित विभिन्न क्षेत्रों के करीब 300 शोधार्थी अपने शोध और पोस्टर प्रस्तुत करेंगे. उत्कृष्ट प्रस्तुतियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा.

 

प्रेस वार्ता में बताया गया कि वर्ष 2025-26 बीआईटी मेसरा के लिए वैश्विक एलुमनी सहभागिता का महत्वपूर्ण वर्ष रहा. इस दौरान परिसर में तीन बड़े एलुमनी रीयूनियन आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 250 पूर्व छात्र शामिल हुए.

 

संस्थान के कुलपति और डीन (एआईआर) ने अमेरिका में आयोजित ग्लोबल एलुमनी मीट में भाग लिया तथा एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी (ASU), कार्नेगी मेलॉन यूनिवर्सिटी (CMU) और जॉर्जिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के साथ शैक्षणिक सहयोग को आगे बढ़ाया. इसी क्रम में एरिजोना स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू भी हस्ताक्षरित किया गया.

 

इसके अलावा आईआईटी खड़गपुर के साथ संयुक्त शोध, पीएचडी मार्गदर्शन, संयुक्त एमटेक कार्यक्रम और फैकल्टी एक्सचेंज को लेकर भी महत्वपूर्ण समझौता किया गया है. साथ ही कुलपति एवं डीन (एआईआर) को BITMAA-NA के बोर्ड में एक्स-ऑफिशियो सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.


संस्थान में पूर्व छात्रों और कॉर्पोरेट सहयोग से कई नई परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं. मदन मोहन मोहंका सेंटर के रूप में नया ऑफिस एवं इनक्यूबेशन स्पेस तैयार किया जा रहा है, जो स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा देगा.

 

एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज के सहयोग से इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) लैब और एप्लाइड डेटा साइंस सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की गई है. वहीं इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग विभाग में नया रिसर्च लैब तथा एज-एआई लैब विकसित की गई है.

 

इसके अलावा पूर्व छात्र सज्जन अग्रवाल के सहयोग से कैंपस नेटवर्क अपग्रेड एवं कई अनुसंधान परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है. रामा मारदा फाउंडेशन द्वारा एक्जीक्यूटिव डेवलपमेंट (ED) सर्टिफिकेशन प्रोग्राम और प्रस्तावित स्विमिंग कॉम्प्लेक्स को सहयोग दिया जा रहा है. संस्थान में उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए नए फैकल्टी चेयर्स भी स्थापित किए गए हैं.

 

डीन (एलुमनी एवं इंटरनेशनल रिलेशंस) प्रो. श्रद्धा शिवानी ने कहा कि वैश्विक एलुमनी नेटवर्क, कॉर्पोरेट साझेदारों और संस्थान के नेतृत्व के संयुक्त प्रयासों से बीआईटी मेसरा शोध, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक सहयोग के नए दौर में प्रवेश कर रहा है, जिससे छात्रों और शिक्षकों को विश्वस्तरीय अवसर उपलब्ध होंगे.

 

इसकी जानकारी डीन (एलुमनी एवं इंटरनेशनल रिलेशंस) प्रो. श्रद्धा शिवानी ने एसोसिएट डायरेक्टर एलुमनी रिलेशन डॉ. विशाल शाह, एसोसिएट डायरेक्टर प्लेसमेंट्स एंड आउटरीच दिपिका दीप तथा एचएचएस विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. मृणाल पाठक ने प्रेस वार्ता में दी.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही