Search

अपराध और अव्यवस्था को लेकर भाजपा आक्रामक, झारखंड बंद व मशाल जुलूस की घोषणा

Ranchi : भारतीय जनता पार्टी के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस महानिदेशक DGP से मुलाकात की और राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर ज्ञापन सौंपा. इसके बाद प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला.

 

प्रेसवार्ता में प्रतुल शाहदेव ने रांची में मिले दो मुंहे सांप का उदाहरण देते हुए कहा कि यह झारखंड की वर्तमान राजनीति की तस्वीर है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का एक चेहरा जनता को दिखाने के लिए है, जबकि दूसरा चेहरा लूट और भ्रष्टाचार में लगा हुआ है.

 

उन्होंने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो NCRB और झारखंड पुलिस के आंकड़ों का हवाला देते हुए राज्य की स्थिति को बेहद खराब बताया. उनके अनुसार दिसंबर 2019 से जनवरी 2026 तक राज्य में 10,113 से अधिक रेप के मामले दर्ज हुए हैं. वहीं जनवरी 2026 तक 9,213 हत्याएं हो चुकी हैं. इस दौरान 11,000 से ज्यादा अपहरण के मामले सामने आए हैं और 60,000 से अधिक चोरी की घटनाएं हुई हैं. उन्होंने कहा कि पिछले छह वर्षों में 2 लाख 80 हजार से ज्यादा संज्ञेय अपराध दर्ज किए गए हैं. साथ ही अंधविश्वास के कारण 140 से ज्यादा महिलाओं की डायन बताकर हत्याएं भी हुई हैं.

 

प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि राज्य में शासन का इकबाल खत्म हो गया है और हर गली में अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय अवैध कोयला और बालू के कारोबार में लगी हुई है और माइनिंग माफिया से सांठगांठ कर रही है. उन्होंने धनबाद का जिक्र करते हुए कहा कि अवैध खनन के कारण जमीन धंस रही है और रेल पटरियों के नीचे तक सुरंग बनाई जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है.

 

भाजपा ने विष्णुगढ़ की घटना और गिरती कानून व्यवस्था के विरोध में आंदोलन की घोषणा की है. पार्टी के अनुसार, 2 अप्रैल को राज्य के सभी प्रखंड और जिला मुख्यालयों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा. वहीं 3 अप्रैल को पूरे झारखंड में बंद का आह्वान किया गया है.

 

 

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे होने के बावजूद प्रार्थना करने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं होगी, लेकिन बंद प्रभावी रहेगा. उन्होंने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि स्थानीय अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और अगर ऐसी घटनाएं नहीं रुकीं तो कार्रवाई होनी चाहिए.उन्होंने अंत में कहा कि प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन करेंगे.

 

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp