Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के वर्ष 2050 तक झारखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लक्ष्य को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गयी है. भाजपा के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने मुख्यमंत्री से भविष्य की घोषणाओं के बजाय वर्तमान सरकार के कामकाज का हिसाब मांगा था. अब कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल पर सवाल उठाये हैं.
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि भाजपा को झारखंड सरकार से सवाल पूछने के बजाय पहले केंद्र सरकार के कामकाज का जवाब देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 के विकसित भारत का सपना तो दिखाया, लेकिन युवाओं, किसानों और छात्रों के लिए कोई ठोस बदलाव जमीन पर नजर नहीं आ रहा है. भाजपा लोगों को धार्मिक और जातीय मुद्दों में उलझाकर राजनीतिक लाभ लेने में लगी है.
इसे भी पढ़ें -
सोनाल ने कहा कि केंद्र की नीतियों के कारण राज्यों के बीच संसाधनों का असमान वितरण हो रहा है. झारखंड के साथ आर्थिक भेदभाव किया जा रहा है और राज्य की बकाया राशि भी केंद्र सरकार नहीं दे रही है. उन्होंने भाजपा नेताओं से झारखंड के अधिकारों की राशि दिलाने के लिए केंद्र पर दबाव बनाने की चुनौती दी.
कांग्रेस प्रवक्ता ने दावा किया कि हेमंत सोरेन सरकार के पास राज्य के विकास का स्पष्ट विजन और रणनीति है. महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने और विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद झारखंड कई क्षेत्रों में राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहा है.
इससे पहले प्रतुल शाहदेव ने सवाल उठाया था कि 2050 तक झारखंड को नंबर वन बनाने के लिए सरकार के पास क्या रोडमैप है. उन्होंने रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक निवेश और किसानों की आय बढ़ाने को लेकर सरकार से समयबद्ध कार्ययोजना सार्वजनिक करने की मांग की थी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

