Search

 
 
 

भाजपा ने उत्पाद सिपाही व JSSC परीक्षा की CBI जांच की मांग की, गड़बड़ी के लगाए आरोप

झारखंड भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में हटिया विधायक नवीन जायसवाल और प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने राज्य सरकार पर परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ी का आरोप लगाया.
 

Ranchi :  झारखंड भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में हटिया विधायक नवीन जायसवाल और प्रदेश प्रवक्ता अमित मंडल ने राज्य सरकार पर परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ी का आरोप लगाया. दोनों नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता नहीं है.

 

नवीन जायसवाल ने कहा कि वर्तमान सरकार में पेपर लीक और परीक्षा में धांधली आम बात हो गई है. उन्होंने उत्पाद सिपाही बहाली परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि परीक्षा से एक दिन पहले तमाड़ क्षेत्र में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को पकड़ा गया था. उनके अनुसार, इस मामले में अंतरराज्यीय गिरोह की भूमिका भी सामने आई है.

 

उन्होंने सवाल उठाया कि अगर पेपर लीक नहीं हुआ था तो इतनी संख्या में अभ्यर्थी एक जगह क्यों मौजूद थे. आरोप लगाया कि पूरे मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है. जायसवाल ने यह भी कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पहले फिजिकल टेस्ट कराकर फिर लिखित परीक्षा के जरिए पैसे लेकर पास कराने की साजिश हो सकती है.

 

विधायक ने बताया कि इस मामले को लेकर राज्यपाल से शिकायत कर सीबीआई जांच की मांग की गई है. उन्होंने कहा कि अगर सरकार निष्पक्ष है तो जांच के लिए खुद पहल करे.

 

अमित मंडल ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा कराने वाली एजेंसियों के चयन में गंभीर अनियमितताएं हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि पहले से विवादित और ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को फिर से काम दिया जा रहा है.

 

मंडल ने कहा कि जिस एजेंसी को परीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है, उसके खिलाफ अन्य राज्यों में भी कार्रवाई की सिफारिश की जा चुकी है. उन्होंने इसे युवाओं के साथ अन्याय बताया. जेपीएससी की परीक्षाओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हाल की परीक्षाओं में कई त्रुटियां सामने आई हैं.

 

पुलिस की जांच प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि मामले में सही तरीके से सबूत पेश नहीं किए जा रहे हैं. भाजपा ने मांग की है कि उत्पाद सिपाही बहाली और पिछले कुछ वर्षों में हुई सभी विवादित परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराई जाए.

 

पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वह सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी. प्रेसवार्ता में नेताओं ने कहा कि भाजपा युवाओं के अधिकार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही