Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

JSSC उत्पाद सिपाही परीक्षा के पेपरलीक पर भाजपा ने की CBI जांच की मांग

Ranchi :  झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है. भाजपा ने परीक्षा में बड़े पैमाने पर धांधली और पेपर लीक का आरोप लगाते हुए राज्यपाल से सीबीआई जांच कराने की मांग की है.

 

भाजपा नेताओं के अनुसार, 12 अप्रैल 2026 को आयोजित इस परीक्षा में संगठित तरीके से गड़बड़ी की गई. तमाड़ क्षेत्र के एक निर्माणाधीन भवन से परीक्षा माफियाओं द्वारा अभ्यर्थियों को उत्तर रटवाने और अवैध गतिविधियां संचालित करने का मामला सामने आया है. इस दौरान 150 से अधिक लोगों की गिरफ्तारी हुई है. मौके से कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर, संदिग्ध प्रश्नपत्र, नोट्स और कई वाहन बरामद किए गए हैं, जिससे पूरे परीक्षा तंत्र की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.


भाजपा ने आरोप लगाया है कि अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई और उनके मोबाइल फोन व एडमिट कार्ड तक जब्त कर लिए गए. जानकारी के अनुसार, प्रत्येक अभ्यर्थी से करीब 15 लाख रुपये तक की डील की गई थी. पार्टी ने इसे युवाओं के भविष्य के साथ खुला खिलवाड़ बताया है.


पार्टी नेताओं ने कहा कि राज्य के 8 जिलों में 370 केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में करीब 1.48 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे. ऐसे में एक केंद्र पर इतनी बड़ी कार्रवाई से यह आशंका और मजबूत होती है कि अन्य केंद्रों पर भी गड़बड़ी हुई हो सकती है.


भाजपा ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग के रुख पर भी सवाल उठाए हैं. पार्टी का कहना है कि इतने बड़े खुलासे और गिरफ्तारियों के बावजूद आयोग द्वारा पेपर लीक से इनकार करना संदेह को और गहरा करता है. साथ ही झारखंड लोक सेवा आयोग समेत पूर्व में हुई परीक्षाओं में भी गड़बड़ी के मामलों का हवाला देते हुए निष्पक्ष जांच की जरूरत बताई गई है.


राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता कमजोर हुई है और युवाओं के सपनों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है.भाजपा ने राज्यपाल से मांग की है कि पूरे मामले की सीबीआई से उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, पेपर माफिया, सॉल्वर गैंग और संबंधित एजेंसियों की सांठगांठ का पर्दाफाश किया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

 

राज्यपाल से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, बालमुकुंद सहाय, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, विधायक सी.पी. सिंह और प्रवक्ता अमित मंडल शामिल थे.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

 

 

 

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही