- -रोजगार, 15 लाख रुपये, किसानों की आय और महंगाई पर केंद्र को घेरा
Medninagar : झारखंड सरकार की विफलताएं गिनाने में जुटी भाजपा पहले केंद्र में अपने 12 साल के कार्यकाल का हिसाब दे. प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार, काला धन वापसी, हर खाते में 15 लाख रुपये और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादों का क्या हुआ? पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हेमंत सरकार पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्र सरकार को इन्हीं मुद्दों पर घेरा. उन्होंने कहा कि दूसरों से जवाब मांगने वाली भाजपा पहले अपने चुनावी वादों की जवाबदेही तय करे.
इसे भी पढ़ें
त्रिपाठी ने कहा कि रोजगार, महंगाई और किसानों की आय के सवाल आज भी कायम है. वर्ष 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने और सभी बेघर परिवारों को पक्का मकान देने के लक्ष्य पर भी केंद्र को अपनी उपलब्धियां बतानी चाहिए. पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और जरूरी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोग प्रभावित हैं, जबकि युवाओं के सामने रोजगार की चुनौती बनी हुई है. उन्होंने बुलेट ट्रेन परियोजना में देरी, एक देश-एक चुनाव लागू नहीं होने और संसद व विधानसभाओं में महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण के पूर्ण क्रियान्वयन में देरी का मुद्दा भी उठाया. त्रिपाठी ने कहा कि जनता को आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि कामकाज का हिसाब चाहिए. झारखंड सरकार पर सवाल उठाने से पहले भाजपा केंद्र के अधूरे वादों का जवाब दे.

