- “मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी का रिनपास में इलाज कराएं इरफान अंसारी” :
Ranchi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमानजनक बयानों को लेकर झारखंड में भी बीजेपी ने भड़क उठी है. सोमवार को बीजेपी ने रांची में कांग्रेस और मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ रोषपूर्ण जुलूस निकाला और नारेबाजी की. बीजेपी का यह विरोध जुलूस कांग्रेस के दफ्तर तक पहुंचा. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी करने लगे. उधर कांग्रेसियों ने भी बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. कुछ देर के लिए दोनों तरफ से तनातनी की स्थिति बनी रही. बीजेपी के विरोध प्रदर्शन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी शामिल थे.
हाथों में तख्तियां, जमकर नारेबाजी
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता और कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा और तख्तियां लिए हुए थे. इन तख्तियों पर 'प्रधानमंत्री को गाली देना बंद करो', 'राजनीतिक मर्यादा का सम्मान करो' और 'कांग्रेस पार्टी हाय-हाय' जैसे नारे लिखे थे. कार्यकर्ताओं ने मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और पीएम मोदी से तुरंत माफी मांगने की मांग कर रहे हैं.
सुरक्षा के लिए पुलिस ने कांग्रेस भवन के बाहर बैरिकेडिंग कर रखी है. इस बैरिकेडिंग के दोनों तरफ भारी गहमागहमी देखने को मिला. एक तरफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और झंडे लेकर कांग्रेस हाय-हाय के नारे लगाए. वहीं, दूसरी तरफ कांग्रेस भवन के बाहर और बैरिकेडिंग पर चढ़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी ‘चोर है’-‘चोर है’ के नारे लगाए. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि कांग्रेस नेताओं की यह फितरत रही है कि वे पीएम मोदी के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करते रहे हैं. पीएम मोदी के खिलाफ कांग्रेस के नेता तो अनाप-शनाप बयानबाजी करते ही हैं, पीएम के माता-पिता के खिलाफ भी ओछी टिप्पणी करते हैं.
इसे भी पढ़ें
मानसिक संतुलन खो चुके हैं
प्रदर्शन के दौरान भाजपा के प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को नसीहत दी कि वे अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इलाज अपने अधीन आने वाले मानसिक आयोग्यशाला में करवाएं.
अमर बाउरी ने कहा कि कांग्रेस का एकमात्र लक्ष्य सत्ता हासिल करना रह गया है. जब जनता उन्हें दोबारा सत्ता में आने के मौके नहीं दे रही है, तो हताशा में अनर्गल बयान देते हैं. कांग्रेसी अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं, इसलिए उन्हें इलाज की जरूरत है.
पवन खेड़ा के बयान पर पलटवार
भाजपा ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता के घुसने का आरोप लगाया था. प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी ने कहा कि पवन खेड़ा कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन पूरे फुटेज और उस व्यक्ति के बयान को सुनने से साफ पता चलता है कि वह खुद एक कांग्रेसी कार्यकर्ता है.
उन्होंने कहा कि उस व्यक्ति ने बाहर आकर स्पष्ट कहा है कि कन्फ्यूजन में कांग्रेसियों ने ही उसे मारा है. अमर बाउरी ने यह भी कहा है कि फेक नैरेटिव और नफरत की राजनीति से देश की जनता उन्हें सत्ता नहीं सौंपेगी. शासन पाने के लिए मोदी जी की तरह जनता के दिलों में उतरना होगा.

