Ranchi: जामताड़ा सदर अस्पताल में एक गर्भवती महिला की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ था. अब इस मामले में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने खुलकर अपनी बात रखी है. उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि भाजपा ने ही यह हंगामा करवाया.
मंत्री के मुताबिक गर्भवती महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था. डॉक्टरों ने इलाज किया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे बड़े अस्पताल रेफर करना पड़ा. रास्ते में महिला की मौत हो गई. इरफान अंसारी का कहना है कि परिजन जब शव लेकर घर जा रहे थे, तभी भाजपा के लोगों ने उन्हें 20 हजार रुपये का लालच देकर वापस अस्पताल बुलाया और हंगामा करवाया.
मंत्री ने बताया कि हंगामे के दौरान अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ हुई. आईसीयू, कंप्यूटर और शीशे तोड़े गए, मरीजों के रिकॉर्ड भी बर्बाद हो गए. उनके अनुसार, इसमें करीब 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. एक महिला डॉक्टर के साथ बदसलूकी भी की गई. इस घटना के विरोध में डॉक्टर हड़ताल पर चले गए, जिससे ओपीडी सेवा प्रभावित हुई. मंत्री ने कहा कि प्रशासन को 24 घंटे में दोषियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
108 एंबुलेंस सेवा को लेकर भी मंत्री ने सफाई दी. उन्होंने कहा कि पुरानी सरकार ने बहुत सस्ते दाम पर टेंडर दिया था, जिस वजह से एंबुलेंस की हालत खराब हो गई. अब पुरानी एजेंसी को हटाया जा रहा है और नई एजेंसी के लिए टेंडर निकाला गया है. 22 जुलाई को इस बारे में सिविल सर्जनों की बैठक भी बुलाई गई है. पुरानी एजेंसी पर FIR दर्ज कराने का भी निर्देश दिया गया है.
खटिया पर मरीज ले जाने की तस्वीरों पर मंत्री ने कहा कि पहाड़ी इलाकों में एंबुलेंस नहीं पहुंच पाती, इसलिए वहां स्ट्रेचर की व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने भाजपा पर सिर्फ फोटो खिंचवाने की राजनीति करने का आरोप लगाया. इरफान अंसारी ने कहा कि उन्हें धर्म के आधार पर निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि पांच साल में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत बनाकर दिखाएंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment