Ranchi News: भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा, झारखंड प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर महिलाओं और आदिवासी बेटियों के खिलाफ कथित अपराधों पर चिंता जतायी. प्रतिनिधिमंडल ने कई मामलों की उच्चस्तरीय निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की.
राज्यपाल को सौंपे ज्ञापन में सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर नाबालिग आदिवासी किशोरी के कथित यौन शोषण के मामले को प्रमुखता से उठाया गया. प्रतिनिधिमंडल ने प्राथमिकी पर निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की. साथ ही पीड़िता को कथित तौर पर विधायक के आवास पर ले जाने और उस पर दबाव बनाने की आशंका जताते हुए पीड़िता व उसके परिवार को सुरक्षा देने का आग्रह किया.
इसे भी पढ़ें -
प्रतिनिधिमंडल ने युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत की मृत्यु, सरायकेला-खरसावां के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ पुलिसकर्मी द्वारा कथित दुष्कर्म और गोड्डा के सुंदरपहाड़ी में आदिवासी महिला के यौन शोषण के आरोपों का भी मामला उठाया. इन सभी प्रकरणों की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्यों को सामने लाने की मांग की गयी.
इसके अलावा भूषण बाड़ा मामले को उजागर करने वाले पत्रकारों और संबंधित न्यूज चैनल के कार्यालय पर हुई पुलिस कार्रवाई की समीक्षा कराने की मांग की गयी. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकारों का दुर्भावनापूर्ण उत्पीड़न प्रमाणित होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. राज्यपाल से इन मामलों में राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

