Ranchi: झारखंड में राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इसी बीच स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा विधायकों के मोबाइल फोन बंद होने को लेकर तंज भरा बयान जारी किया है.
इरफान अंसारी ने सोशल मीडिया के माध्यम से भाजपा विधायकों से अपील करते हुए कहा कि वे जल्द अपना मोबाइल फोन चालू करें. उन्होंने कहा कि उन्हें विधायकों की चिंता सता रही है और यह पता नहीं चल पा रहा है कि वे कहां हैं, स्वस्थ हैं या नहीं और सुरक्षित हैं या नहीं.
स्वास्थ्य मंत्री ने व्यंग अंदाज में कहा कि कहीं विधायक किसी तनाव में तो नहीं हैं. उनका स्वास्थ्य कैसा है, बॉडी चेकअप हुआ है या नहीं और किसी दवा की जरूरत तो नहीं है. उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक होने के नाते उनकी चिंता करना उनका कर्तव्य है.
इरफान अंसारी ने आगे कहा कि यदि एक घंटे के भीतर विधायकों के मोबाइल फोन चालू नहीं हुए तो वह पूरी मेडिकल टीम के साथ उनका हालचाल जानने स्वयं पहुंच जाएंगे. साथ ही उन्होंने भाजपा विधायकों से मेडिकल बुलेटिन जारी करने की भी मांग की, ताकि सभी लोग उनकी कुशलता के बारे में आश्वस्त हो सकें.
दरअसल राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा अपने विधायकों को एकजुट रखने के लिए रांची के रेडिसन ब्लू होटल में ठहराए हुए है. इस बीच कई विधायकों के मोबाइल फोन बंद होने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में चल रही है. इसी मुद्दे को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए यह बयान दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment