Ranchi News: झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के लिए शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बैठक स्थल पर पहुंचे. रिंग रोड स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में उनके पहुंचते ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया.
नितिन नबीन ने खुद बजाया मांदर
बैठक स्थल के मुख्य द्वार पर पारंपरिक वेशभूषा में सजे आदिवासी कलाकार ढोल-नगाड़ों और मांदर की थाप पर नृत्य कर रहे थे. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कलाकारों का उत्साह बढ़ाया और खुद भी गले में मांदर टांगकर उसे बजाया. इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, रांची के विधायक सीपी सिंह और हटिया विधायक नवीन जायसवाल समेत कई वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहे.

गले में मांदर टांगकर बजाते नितिन नबीन
इसे भी पढ़ें -
चंदन का टीका लगाकर और आरती उतारकर स्वागत
बैठक में शामिल होने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, बाबूलाल मरांडी और प्रदेश महामंत्री अमर बाउरी समेत तमाम पदाधिकारियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने मुख्य द्वार पर नेताओं के माथे पर चंदन का टीका लगाया, फूल बरसाए और आरती उतारी. सभी नेताओं को 'जोहार' लिखा पारंपरिक गमछा भी पहनाया गया.
जिलाध्यक्षों के साथ बैठक के बाद होगा उद्घाटन
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे पहले सभी जिलाध्यक्षों और जिला प्रभारियों के साथ बैठक कर रहे हैं. इसके बाद दोपहर दो बजे से प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक शुरू होगी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपना उद्घाटन भाषण देंगे. बैठक में संगठन की मजबूती और राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

