Ranchi: धान की कीमत के भुगतान में देरी और बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर भाजपा ने झारखंड सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने के संकेत दिए हैं. पार्टी ने किसानों की समस्याओं को लेकर गांवों तक पहुंचने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने की रणनीति बनायी है.
भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक मंगलवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय के पंडित दीनदयाल सभागार में हुई. प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में आयोजित बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, संगठन महामंत्री पवन साय समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें-
आदित्य साहू ने कहा कि सरकार को धान बेचने के बाद भी किसानों को अपनी राशि के लिए इंतजार करना पड़ रहा है. भुगतान के लिए उन्हें कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ रहा है. उन्होंने बेमौसम बारिश और तूफान से फसलों को हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं को खेतों और गांवों तक पहुंचकर किसानों की परेशानी समझनी होगी. उनके हक और अधिकार के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करना होगा.
बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गयी. सभी ने अर्जुन सिंह के नेतृत्व में किसान मोर्चा को मजबूत करने और किसानों की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया. बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री विक्रांत उपाध्याय और डॉ. विनोद ठाकुर ने किया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

