Ranchi News : झारखंड के युवाओं के लिए सोमवार का दिन रोजगार और आत्मनिर्भरता की नई उम्मीद लेकर आया. प्रोजेक्ट भवन में आयोजित मुख्यमंत्री कौशल रोजगार सम्मान एवं नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 3,044 युवक-युवतियों को नियुक्ति पत्र सौंपे.
इसे भी पढ़ें...
इनमें 500 युवा संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और दुबई में नौकरी करने जाएंगे. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि राज्य के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है. जरूरत उन्हें सही प्रशिक्षण, अवसर और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है.
नियुक्ति पाने वाले युवाओं में कल्याण गुरुकुल से प्रशिक्षित 2,014, नर्सिंग कौशल कॉलेज के 746 और आईटीआई कौशल कॉलेज के 284 युवा शामिल हैं. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विदेश और दूसरे राज्यों में काम कर रहे प्रशिक्षित युवाओं से ऑनलाइन बातचीत की.
दुबई की शोभा कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत राजधान उरांव ने बताया कि वह पिछले 18 महीने से वहां काम कर रहे हैं. उनके साथ झारखंड के कई अन्य युवा भी रोजगार प्राप्त कर चुके हैं.
वहीं, तमिलनाडु में टीवीएस सप्लाई चेन सॉल्यूशन में काम कर रहीं खूंटी की अलका हेंब्रम और धनबाद की रेखा हांसदा ने अपने अनुभव साझा किए. दोनों ने बताया कि वे ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं और उन्हें प्रतिमाह 23 हजार रुपये वेतन मिल रहा है. दोनों पिछले छह महीने से कंपनी में काम कर रही हैं.
समारोह में नौकरी के साथ स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रही युवतियों की उपलब्धियों को भी सामने रखा गया. सरायकेला की असई पूर्ति ने बताया कि प्रशिक्षण के बाद उन्होंने रांची के ईरबा में गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट शुरू की है.
एकम समूह महिला ग्रामोद्योग के नाम से संचालित इस इकाई से 40 महिलाएं जुड़ी हुई हैं. समूह की महिलाओं ने अपने संस्थान में तैयार कुर्ता मुख्यमंत्री को भेंट किया और उन्हें यूनिट के लोकार्पण के लिए आमंत्रित किया.
इसी तरह गिरिडीह की पूनम कुमारी ने बताया कि आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह देश की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी में काम कर रही हैं. उन्हें मलेशिया में भी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला है. उनकी सफलता को कौशल प्रशिक्षण के सकारात्मक परिणाम के रूप में प्रस्तुत किया गया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नर्सिंग कॉलेज चान्हो की आरूषी कुमारी और कुलसूम प्रवीण को सम्मानित किया. वहीं, सांकेतिक रूप से 12 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे. कार्यक्रम में प्रेझा फाउंडेशन और आईआईटी मद्रास के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए.
प्रेझा फाउंडेशन के अध्यक्ष टीवी नरेंद्रन का वीडियो संदेश भी प्रसारित किया गया. उन्होंने बताया कि झारखंड में फाउंडेशन के 34 संस्थान संचालित हैं. इनके माध्यम से एक हजार से अधिक युवाओं को विदेशों में रोजगार मिला है.
कार्यक्रम में एसटी, एससी, ओबीसी एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव कृपानंद झा ने मरांग गोमके पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना के विस्तार की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अब इस योजना में ब्रिटेन और आयरलैंड के अलावा ऑस्ट्रेलिया तथा सिंगापुर को भी शामिल करने की तैयारी है. इससे विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने की इच्छा रखने वाले विद्यार्थियों को नए अवसर मिलेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

