Jamtara News: JSSC-JPSC भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी की CBI जांच और आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जामताड़ा समाहरणालय गेट के पास धरना-प्रदर्शन किया. कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने किया. वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय शामिल हुए.
इसे भी पढ़ें:
धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. नेताओं ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार पहले से ही गरीब विरोधी रही है और अब छात्रों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ कर रही है. भाजपा ने भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग दोहराई.
पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय ने कहा कि सरकार अपने कथित दलालों, एजेंटों और चुनिंदा लोगों को बचाने के लिए CBI जांच से बच रही है. उन्होंने कहा कि परीक्षा में अनियमितता के खिलाफ जब छात्रों ने आवाज उठाई और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया, तब उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर पुलिस प्रशासन से अधिक सत्तारूढ़ दल से जुड़े लोगों ने बल प्रयोग किया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया.
रविंद्र राय ने कहा कि छात्रों के खिलाफ दर्ज मुकदमों को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश में छात्रों और युवाओं के लोकतांत्रिक आंदोलनों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने भी कई मामलों में मुकदमे वापस लिए हैं. इसी तर्ज पर झारखंड में भी आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमों को वापस लिया जाना चाहिए.
उन्होंने छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे घबराएं नहीं और अपने अधिकारों की लड़ाई से पीछे न हटें. भाजपा छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए जाते और भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों की CBI जांच नहीं कराई जाती, तब तक भाजपा आंदोलन जारी रखेगी.
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि परीक्षा अनियमितता की जांच की आंच सरकार के प्रभावशाली लोगों तक भी पहुंच सकती है. पार्टी ने मांग की कि झारखंड में हुई भर्ती परीक्षाओं की जांच स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

