- झामुमो-कांग्रेस पर साधा निशाना
Giridih : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू शनिवार को गिरिडीह पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन से लेकर गिरिडीह में छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी.
आदित्य साहू ने आरोप लगाया कि देश विरोधी तत्व अलग-अलग मुद्दों को उठाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने गिरिडीह में छात्रों के साथ हुई मारपीट की घटना का जिक्र करते हुए झामुमो पर निशाना साधा और सवाल उठाया कि इस मामले में अब तक FIR क्यों नहीं दर्ज की गई.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि गिरिडीह में झामुमो से जुड़े लोगों ने छात्रों की पिटाई की थी. उन्होंने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने इस घटना को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े किए.
इसे भी पढ़ें
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी आदित्य साहू ने कांग्रेस और झामुमो पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी कई बार SIR की प्रक्रिया से गुजर चुकी है. लेकिन अब इस प्रक्रिया को लेकर उसे परेशानी क्यों हो रही है?
उन्होंने आरोप लगाया कि SIR के जरिए अवैध रूप से रह रहे लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया चल रही है और इसी वजह से कांग्रेस व झामुमो इसका विरोध कर रहे हैं. आदित्य साहू ने दावा किया कि ऐसे लोग इन दलों के वोटर हैं, इसलिए दोनों पार्टियां परेशान हैं.
गिरिडीह में होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जीत का दावा किया. उन्होंने कहा कि इस बार गिरिडीह में कमल खिलेगा और जनता भाजपा को चुनकर विधानसभा भेजेगी. उनके इस बयान के बाद गिरिडीह की सियासत में उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होने की उम्मीद है.

