Ranchi News : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है. भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय साह ने कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए पार्टी से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA) को सक्रिय करने की अपील की है. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जमीनी स्तर पर मतदाताओं की मदद करने के बजाय आंदोलन के जरिये राजनीतिक विरोध दर्ज करा रही है.
इसे भी पढ़ें...
अजय साह ने कहा कि झारखंड में SIR की प्रक्रिया राज्य के प्रशासनिक तंत्र के सहयोग से चल रही है. इसमें बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से लेकर प्रखंड, अंचल और जिला स्तर के अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं. वहीं, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी BLA के रूप में प्रक्रिया में भाग ले रहे हैं. ऐसे में कांग्रेस के विरोध को उन्होंने विरोधाभासपूर्ण बताया.
भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, BLO घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन और सूची में नाम जोड़ने का काम कर रहे हैं. जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, उन्हें फॉर्म-6 के जरिये आवेदन करने का अवसर दिया जा रहा है. वहीं, पता बदलने के लिए फॉर्म-8 की सुविधा उपलब्ध है.
BLA की सक्रियता और आंकड़ों पर मांगा जवाब
अजय साह ने कांग्रेस से पूछा कि उसके कितने BLA सक्रिय हैं और कितने पात्र नागरिकों के नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कराये गये हैं. उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि फॉर्म-6 के कितने आवेदन अस्वीकृत हुए हैं. उनके मुताबिक, कांग्रेस को मतदाता सूची से नाम हटाये जाने के अपने आरोपों के समर्थन में ठोस आंकड़े और प्रमाण सामने रखने चाहिए.
उन्होंने कहा कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम छूटा है या प्रक्रिया में कोई गड़बड़ी हुई है, तो संबंधित मामले को प्रमाणों के साथ उठाया जाना चाहिए. इसके लिए BLA के माध्यम से मतदाताओं की सहायता करना अधिक उपयोगी होगा.
अजय साह ने कांग्रेस पर राजनीतिक अवसरवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को विरोध प्रदर्शन के बजाय पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कहा कि वास्तविक अनियमितताओं की शिकायत तथ्यों के आधार पर की जानी चाहिए.
हालांकि, मतदाता सूची में गड़बड़ी और नाम हटाये जाने को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष संबंधित आंकड़ों और आधिकारिक जांच के आधार पर ही निकाला जा सकता है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

