Giridih : झारखंड के गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी है. इसी क्रम में शनिवार को गिरिडीह के बड़ा चौक स्थित अशोका इंटरनेशनल में प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी है. हालांकि, यह बैठक प्रदेश भाजपा की नियमित मासिक बैठक का हिस्सा है. लेकिन गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को देखते हुए इस बार बैठक को खास माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें
कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना
बैठक में प्रदेश कमेटी के सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी और पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है. इसके अलावा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और झारखंड भाजपा के प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल भी बैठक में मौजूद रह सकते हैं. प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा और अमर कुमार बाउरी समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों के भी शामिल होने की संभावना है.
गिरिडीह उपचुनाव पर होगी खास चर्चा
बैठक में गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर विशेष चर्चा होने की संभावना है. क्षेत्र के राजनीतिक समीकरण, संगठन की मौजूदा स्थिति और बूथ स्तर पर पार्टी की तैयारियों की समीक्षा की जा सकती है. इसके साथ ही प्रकोष्ठों की भूमिका और कार्यकर्ताओं को चुनावी गतिविधियों में सक्रिय करने पर भी चर्चा होगी.
प्रदेश नेतृत्व गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र से जुड़े संगठनात्मक फीडबैक के आधार पर आगे की रणनीति तैयार कर सकता है. नियमित मासिक बैठक होने के बावजूद उपचुनाव की पृष्ठभूमि में इस बैठक के एजेंडे में गिरिडीह प्रमुखता से रहने की संभावना है.

