Ranchi News : भगवान बिरसा मुंडा की 191वीं जयंती (15 नवंबर) और 'राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस' पर भाजपा ने 10 दिवसीय राज्यव्यापी अभियान शुरू किया है. यह अभियान 11 नवंबर से शुरू हुआ है, जो 20 नवंबर तक चलेगा. इसके जरिए पार्टी जनजातीय महापुरुषों के बलिदान और केंद्र की योजनाओं को हर गांव तक पहुंचाएगी. बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सांसद समीर उरांव ने इसकी जानकारी दी.
तीन दिवसीय पदयात्रा और जनसभा
समीर उरांव ने बताया कि 13 नवंबर को भगवान बिरसा की जन्मस्थली उलिहातू से पदयात्रा शुरू होकर खूंटी पहुंचेगी. 14 नवंबर को यह यात्रा बिरसा चौक और अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए रांची के पुराने जेल स्थित बिरसा मुंडा संग्रहालय पहुंचेगी. यहां शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई के बाद शाम को दीपोत्सव मनेगा. 15 नवंबर को कोकर समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि के साथ यात्रा संपन्न होगी. इसके बाद 18 नवंबर को सिदो-कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह में विशाल जनसभा होगी. चाईबासा, सिसई, रायडीह और बिशुनपुर में भी विशेष कार्यक्रम होंगे.
भाजपा शासन में ही मिला सम्मान
पूर्व सांसद ने कहा कि जनजातीय समाज को असली सम्मान भाजपा शासन में ही मिला है. अटल बिहारी वाजपेयी ने अलग जनजातीय मंत्रालय और एकलव्य स्कूल शुरू किए थे. वहीं, पीएम मोदी ने 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस घोषित किया. आज देश में 20 जनजातीय संग्रहालय बन रहे हैं और 'पीएम जनमन योजना' से आदिवासी गांवों का विकास हो रहा है. द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाना इसी सम्मान का प्रतीक है.
इसे भी पढ़ें
निशा भगत के दोषियों की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा आंदोलन
समीर उरांव ने निशा भगत प्रकरण पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि झारखंड में आदिवासी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. प्रशासन दोषियों को बचा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक भाजपा का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा. मौके पर पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, समीर टोप्पो और रितेश उरांव मौजूद रहें.

