Search

 
 
 

भाजपा का आरोप पत्र झूठ व हताशा की उपज: विनोद पांडेय

झामुमो ने भाजपा द्वारा जारी आरोप पत्र पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने प्रेस बयान में कहा कि भाजपा द्वारा लगाए गए सभी आरोप राजनीतिक हताशा का परिणाम हैं.
 

Ranchi : झामुमो ने भाजपा द्वारा जारी आरोप पत्र पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने प्रेस बयान में कहा कि भाजपा द्वारा लगाए गए सभी आरोप राजनीतिक हताशा का परिणाम हैं.

 

उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता भाजपा के आरोपों पर नहीं, हेमंत सरकार के काम, नीतियों और जमीनी उपलब्धियों पर भरोसा करती है. भाजपा 19 साल सत्ता में रहकर गरीब, आदिवासी, किसान और युवाओं के लिए ठोस कार्य नहीं कर पाई और आज छह साल की विकास यात्रा को बदनाम करने की कोशिश कर रही है.

 

विनोद पांडेय ने कहा कि भाजपा का आरोप पत्र झूठ, अतिशयोक्ति और भ्रामक दावों का मिश्रण है. भाजपा को याद रखना चाहिए कि उसके शासन में एक भी नई सामाजिक सुरक्षा योजना की शुरुआत नहीं हुई.

 

वहीं, हेमंत सरकार आज 50 लाख महिलाओं तक मंईयां सम्मान योजना की राशि पहुंचा रही है. 2500 रुपये प्रतिमाह सीधे खाते में भेजे जा रहे हैं. यह देश की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट स्कीम है जो भरोसे को मजबूत करती है.

 

उन्होंने कहा कि राज्य कर्मियों के लिए पहली बार स्वास्थ्य बीमा योजना लागू हुई है. महंगाई भत्ता बढ़ा, पेंशनभोगियों को राहत मिली. भाजपा सरकारें इन निर्णयों को लेने का साहस कभी नहीं जुटा पाईं. शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी तेज़ सुधार हुए हैं. 6 नए पोर्टल, टेक–बी कार्यक्रम, सैकड़ों शिक्षकों की नियुक्ति और 480 विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्वीकृति इसका प्रमाण हैं.

 

भाजपा द्वारा खाद्यान्न और महंगाई पर उठाए सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में गरीब अनाज के लिए लाइन में खड़े थे जबकि केंद्र की नीतियों ने महंगाई बढ़ाकर मजदूरों पर बोझ बढ़ाया. इसके विपरीत झारखंड सरकार खाद्य सुरक्षा और राहत योजनाओं को मजबूत कर रही है.

 

रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि 8792 नियुक्ति पत्र युवाओं को सम्मानजनक आजीविका प्रदान करते हैं. भाजपा को बताना चाहिए कि उसके कार्यकाल में कितनी बहालियां हुईं और कितने घोटाले उजागर हुए.

 

आदिवासियों के मुद्दे पर विनोद पांडेय ने कहा कि सबसे ज्यादा विस्थापन, खनन लूट और पुलिसिया कार्रवाई भाजपा शासन में हुई. आज भाजपा आदिवासियों के नाम पर मगरमच्छ के आंसू बहा रही है.

 

उन्होंने कहा कि भाजपा हर विकास को घोटाला बताती है जबकि हेमंत सरकार ने ई-गवर्नेंस, वित्तीय मॉनिटरिंग और टेंडर प्रक्रिया में सुधार कर भ्रष्टाचार रोकने के कदम उठाए हैं. सरकार की उपलब्धियों में मंईयां सम्मान योजना, कर्मचारियों को राहत, शिक्षा सुधार, नए कॉलेज, आईटी रोजगार, निवेश प्रस्ताव, पर्यटन विकास, सड़क पुल निर्माण और गिग वर्कर कानून शामिल हैं.

 

उन्होंने कहा कि झारखंड बदला है और आगे भी बदलेगा. भाजपा बीते जमाने की राजनीति कर रही है जबकि हेमंत सरकार जन केंद्रित और विकासोन्मुख नीतियों पर काम कर रही है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही