- 24 जिलों में डीसी-एसपी कार्यालय घेराव को लेकर भाजपा ने झोंकी ताकत, नेताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी
Ranchi News: जेपीएससी और जेएसएससी सीजीएल भर्ती परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ भाजपा के कल से होने वाले चार दिवसीय राज्यव्यापी आंदोलन की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. आंदोलन के पहले दिन यानी 8 सितंबर को होने वाले प्रदर्शन और डीसी-एसपी कार्यालय घेराव को लेकर पार्टी ने अपनी पूरी तैयारी मुकम्मल कर ली है. छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, दोषियों की गिरफ्तारी और सीबीआई जांच की मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ता कल से सड़कों पर उतरेंगे.
पहले दिन छह जिलों में प्रशासनिक दफ्तरों का घेराव
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने बताया कि आंदोलन के पहले दिन रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा में प्रशासनिक दफ्तरों का घेराव किया जाएगा. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर पार्टी ने सभी जिलों में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी सुनिश्चित करते हुए आंदोलन को व्यापक रूप देने की रणनीति तय की है.
इसे भी पढ़ें -
दिग्गज नेता खुद संभालेंगे आंदोलन की कमान
तय कार्यक्रम के अनुसार, पहले दिन प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू रांची में कमान संभालेंगे. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी दुमका में और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास हजारीबाग में मोर्चे की अगुवाई करेंगे. पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा जमशेदपुर में और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ गढ़वा में कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन का नेतृत्व करेंगे.
11 सितंबर तक चरणबद्ध तरीके से चलेगा घेराव
आंदोलन के अगले चरणों में 9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में प्रदर्शन होगा. 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में घेराव होगा. वहीं अंतिम दिन 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में पार्टी कार्यकर्ता डीसी और एसपी दफ्तरों का घेराव करेंगे. भाजपा का कहना है कि यह लड़ाई छात्रों के न्याय मिलने तक जारी रहेगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

