Ranchi: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने भाजपा के झारखंड बंद को पूरी तरह फ्लॉप बताया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रही है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि सोमवार को छात्रों ने भाजपा की राजनीतिक मंशा को सामने ला दिया था. इसके बाद मंगलवार को जनता ने भी भाजपा के बंद को नकार दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के भविष्य की चिंता का नाम लेकर बंद कर रही थी, लेकिन उसका असली मकसद राजनीतिक लाभ लेना था.
इसे भी पढ़ें -
उन्होंने कहा कि भाजपा और बाबूलाल मरांडी को बताना चाहिए कि जब छात्र अपने अधिकारों और रोजगार के लिए आंदोलन कर रहे थे, तब भाजपा कहां थी. अब छात्रों के मुद्दे पर अचानक राजनीति क्यों की जा रही है.
सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा पहले छात्रों के आंदोलन में राजनीतिक जमीन तलाश रही थी और अब उसी मुद्दे पर बंद कर जनता को परेशान करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने इसे अवसरवादी राजनीति बताया.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों के साथ खड़ी है. छात्रों के अधिकार, रोजगार और निष्पक्ष नियुक्ति की मांग को लेकर पार्टी उनकी लड़ाई को आगे बढ़ाएगी. उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे पर भाजपा को राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.राकेश सिन्हा ने कहा कि झारखंड बंद की स्थिति ने भाजपा को यह संदेश दिया है कि जनता उसकी राजनीति को समझ रही है और उसके बहकावे में आने वाली नहीं है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

