Search

 
 
 

रांची में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा, कांग्रेस-झामुमो निशाने पर

Ranchi News: इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘एसआइआर तो बहाना है, घुसपैठियों को बचाना है’, ‘आंदोलन नहीं विकास चाहिए’ और ‘जनादेश से खिलवाड़ नहीं’ जैसी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया. पदयात्रा से पूर्व आयोजित सभा में केंद्रीय मंत्री से लेकर राज्य के प्रमुख नेताओं ने कांग्रेस, राहुल गांधी और राज्य की हेमंत सरकार पर हमले बोले.
 
भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा

Ranchi News: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के विरोध और देश में कथित अराजकता के खिलाफ सोमवार को रांची में भाजपा के नेताओं ने जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया. ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से कचहरी होते हुए जेल मोड़ स्थित भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय तक पद यात्रा निकाली गई.

 

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘एसआइआर तो बहाना है, घुसपैठियों को बचाना है’, ‘आंदोलन नहीं विकास चाहिए’ और ‘जनादेश से खिलवाड़ नहीं’ जैसी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया. पदयात्रा से पूर्व आयोजित सभा में केंद्रीय मंत्री से लेकर राज्य के दिग्गज नेताओं ने कांग्रेस, राहुल गांधी और राज्य की हेमंत सरकार पर तीखे प्रहार किए.

 

संसद और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान कर रही कांग्रेस: जुएल उरांव

इस प्रदर्शन में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें इंदिरा गांधी के 1975 के आपातकाल की याद आ रही है. चुनाव जीतकर संसद में आने के बजाय विपक्ष बाहर ‘मॉक पार्लियामेंट’ चला रहा है. अपनी हार छिपाने के लिए कांग्रेस कभी ईवीएम, कभी सुप्रीम कोर्ट तो कभी चुनाव आयोग को अपमानित करती है, जबकि बैलेट पेपर से हुए एमएलसी चुनाव में भी कांग्रेस का सफाया हो गया.

 

Uploaded Image

भाजपा की पदयात्रा

 

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष देश में बांग्लादेश, श्रीलंका और नेपाल जैसी अराजकता फैलाने का सपना देख रहा है, लेकिन भारत का लोकतंत्र और मतदाता बेहद मजबूत हैं. उन्होंने राज्य सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मंईयां सम्मान योजना फेल हो चुकी है और पैसे को लेकर झामुमो-कांग्रेस में रोज आपसी लड़ाई हो रही है.

इसे भी पढ़ें - 

 

10 बार कांग्रेस के राज में हुआ एसआईआर, अब घुसपैठियों के लिए विरोध: गजेंद्र सिंह पटेल

भाजपा के प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने एसआऱआर के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि 1952 से 2025 तक देश में 12 बार एसआइआऱ की प्रक्रिया हुई है, जिसमें 10 बार कांग्रेस की सरकार के समय यह हुआ. तब कांग्रेस ने विरोध नहीं किया, लेकिन आज 20 साल बाद जब यह प्रक्रिया हो रही है तो वे दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे हैं.

 

Uploaded Image

भाजपा की पदयात्रा में कुछ अलग हटके कार्यकर्ता

उन्होंने कहा कि एसआइआर के जरिए 18 वर्ष पूरे कर चुके नए युवाओं का नाम जोड़ने, मृत लोगों का नाम हटाने और दो जगह दर्ज नामों को सुधारने का काम होता है. भाजपा आदिवासियों के मकान और पहचान दोनों की रक्षा कर रही है, जबकि झामुमो और कांग्रेस बांग्लादेशी घुसपैठियों का नाम वोटर लिस्ट में जोड़े रखना चाहते हैं, जिससे झारखंड के कई गांवों में आदिवासी अल्पसंख्यक हो गए हैं.

 

झारखंड में थाने और चर्च में भी सुरक्षित नहीं हैं बेटियां: आदित्य साहू

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस ने 65 वर्षों के शासन में केवल नेहरू परिवार की चिंता की और आज एक गरीब मां के बेटे नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री की कुर्सी पर देखकर उन्हें पच नहीं रहा है. उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस जीतती है, वहां ईवीएम ठीक होती है और जहां भाजपा जीतती है वहां वोट चोरी का आरोप लगाया जाता है.

 

राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दिल्ली में मॉक पार्लियामांट में भाग ले रहे हैं, इधऱ झारखंड में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं. एक थाने में फरियाद लेकर गई महिला के साथ पुलिस ने दुष्कर्म किया, वहीं गोड्डा के सुंदरपहाड़ी इलाके में चर्च के फादर ने एक गरीब आदिवासी बेटी के साथ दुष्कर्म किया.

 

रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों का नाम कटने से डर रहा विपक्ष: बाबूलाल मरांडी

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2014 से ही कांग्रेस देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रही है. देश के लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस, राहुल गांधी, वंशवाद, दिमागी नक्सलियों और बांग्लादेशी व रोहिंग्या घुसपैठियों से है.

 

उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव का विरोध करने वाले ही लोकतंत्र के असली हत्यारे हैं. विपक्षी दल एसआईआर का विरोध इसलिए कर रहे हैं ताकि झारखंड की मतदाता सूची में दर्ज बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों का नाम न कटे.

 

राष्ट्र सेवा ही भाजपा कार्यकर्ताओं का मुख्य चरित्र: अर्जुन मुंडा

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि देश में जो लोग अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जनता उन्हें मुंहतोड़ जवाब दे रही है. उन्होंने कहा कि भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता का मुख्य चरित्र राष्ट्र की सेवा करना है. इस दौरान उन्होंने ‘तलवारों पे सर वार दिए, अंगारों में जिस्म जलाया है’ गीत गाकर कार्यकर्ताओं से पदयात्रा में आगे बढ़ने का आह्वान किया.

 

Uploaded Image

पदयात्रा में जुटे दिग्गज

संसदीय मर्यादा की लक्ष्मण रेखा लांघ रहा है विपक्ष: सरयू राय

जदयू के वरिष्ठ नेता और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा कि लोकतंत्र में संसदीय प्रणाली से चुनकर जाने वाले लोग आज नेता के घर में ‘मॉक पार्लियामेंट’ यानी मजाक संसद चला रहे हैं. ऐसा लगता है कि उन्हें अगले चुनाव में असली संसद में चुनकर जाने का भरोसा नहीं रहा.

 

उन्होंने कहा कि विरोध की एक सीमा और लक्ष्मण रेखा होती है, जिसका उल्लंघन कर विपक्ष नेपाल और बांग्लादेश की तरह संसद व राष्ट्रपति भवन पर कब्जा करने वाली अराजक मानसिकता को बढ़ावा दे रहा है. इन्हें न एसआईआर चाहिए, न कॉमन सिविल कोड और न ही ये घुसपैठियों को भगाना चाहते हैं.

 

‘अटल कैंटीन’ में खाना खा रहे थे कांग्रेसी: सीपी सिंह

रांची के विधायक सीपी सिंह ने कहा कि जॉर्ज सोरोस के पैसों पर पलने वाले और टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग 2047 तक विकसित भारत बनने के लक्ष्य को रोकना चाहते हैं. उन्होंने एक नवंबर (1984 के सिख कत्लेआम की बरसी) को दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई कांग्रेस की रैली पर तंज कसते हुए कहा कि 10 लाख लोगों की भीड़ जुटाने का दावा करने वाले 15 हजार कुर्सियां भी नहीं भर सके.

 

उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि रांची से बंधु तिर्की और शिल्पी नेहा तिर्की 13 बसों में जिन लोगों को दिल्ली ले गए थे, उनमें से कोई नाचने तो कोई मुफ्त में दिल्ली घूमने की बात कह रहा था. सबसे रोचक दृश्य यह रहा कि कांग्रेस की रैली में गए लोग भूख लगने पर वहां भाजपा सरकार द्वारा खोले गए ‘अटल कैंटीन’ में 5 रुपये में भरपेट भोजन कर रहे थे.

 

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

पदयात्रा में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रवींद्र राय, विधायक नवीन जायसवाल, रांची की मेयर रोशनी खलखो, समीर उरांव, डॉ. मीरा मुंडा, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू, ग्रामीण जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह और धीरज महतो समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही