Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद को लेकर एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतकों में पति-पत्नी और बुजुर्ग पिता शामिल हैं. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों की निशानदेही पर तीनों के शव बरामद किए गए हैं. घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल खून लगी कुल्हाड़ी भी पुलिस ने जब्त की है.
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान राजिन दोरायबुरू करीब 40 वर्ष, उनकी पत्नी जानो दोरायबुरू 38 वर्ष और राजिन के पिता काण्डे दोरायबुरू 72 वर्ष के रूप में हुई है.
इसे भी पढ़ें -
26 अगस्त को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
पुलिस को 26 अगस्त को रमिया दोरायबुरू ने लिखित सूचना दी थी कि केन्जरा टोला तारोबबुरू निवासी उनके परिवार के तीन सदस्य लापता हैं. जमीन विवाद को लेकर उनकी हत्या कर शव छिपाए जाने की आशंका जताई गई थी. सूचना के आधार पर टोंटो थाना में कांड संख्या 19/2026 दर्ज किया गया. मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई.
एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के एसपी के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. पुलिस ने स्थानीय स्तर पर जांच शुरू की और संदिग्धों से पूछताछ के साथ घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए.
जांच के दौरान पुलिस को स्थानीय युवकों की संलिप्तता के संकेत मिले. इसके बाद पुलिस ने केन्जरा टोला तारोबबुरू में छापेमारी कर बोंज दोरायबुरू (19) और मुचिया दोरायबुरू (20) को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में सामने आया हत्या का राज
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इसके बाद उनकी निशानदेही पर पुलिस ने उस स्थान की तलाशी ली, जहां तीनों शवों को छिपाया गया था. पुलिस ने तीनों शव बरामद कर लिए.
हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी पुलिस ने बरामद कर जब्त कर ली है. पुलिस अब हत्या की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है.
जमीन विवाद बना हत्या की वजह
प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है. हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है. आरोपियों से पूछताछ और बरामद साक्ष्यों के आधार पर घटना के अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है. एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
छापेमारी टीम में झींकपानी अंचल के पुलिस निरीक्षक प्रेमचन्द्र भगत, टोंटो थाना प्रभारी धनंजय सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक रणधीर कुमार, विजय कुजूर समेत टोंटो थाना रिजर्व गार्ड शामिल रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

