Bokaro News: हरला थाना क्षेत्र के महेशपुर स्थित बंद पत्थर खदान में मछली पकड़ने के दौरान डूबे मंगल सिंह का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया. शनिवार को खदान में डूबने के बाद से उसकी तलाश की जा रही थी. स्थानीय गोताखोरों की कोशिश नाकाम रहने पर एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया. टीम ने खदान में सर्च ऑपरेशन चलाया और काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला.
जानकारी के अनुसार, मंगल सिंह शनिवार को अपने साथियों के साथ खदान में मछली पकड़ने गया था. इसी दौरान जाल फेंकते समय उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा. उसे डूबता देख साथियों ने पानी में उतरकर तलाश करने की कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से भी खोजबीन की गई. देर रात तक तलाश जारी रहने के बावजूद सफलता नहीं मिली.
इसे भी पढ़ें:
रविवार सुबह एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और दोबारा तलाशी अभियान शुरू किया. काफी प्रयास के बाद टीम ने मंगल सिंह का शव बरामद कर लिया. इसके बाद हरला थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बंद पत्थर खदान में पानी भरने और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से इस तरह की घटनाओं का खतरा बना रहता है. मंगल सिंह की मौत ने एक बार फिर खुली और पानी से भरी बंद खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

