Dhanbad News: पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के बड़बाद गांव के बीरबांध टोला स्थित जंगल में पलाश के पेड़ से लटकता मिला अज्ञात युवती का शव आखिरकार शिनाख्त हो गया है. मृतका की पहचान 25 वर्षीय रानी मरांडी के रूप में हुई है. वह गोरगा पंडरा बेजड़ा निवासी पदो मरांडी की पुत्री थी. मंगलवार रात जंगल में उसका शव मिलने के बाद से पुलिस पहचान करने में जुटी थी.
परिजनों के अनुसार रानी की शादी करीब छह वर्ष पहले निरसा थाना क्षेत्र के मुगमा मारमा निवासी एक युवक से हुई थी. उसका पांच साल का एक बेटा भी है. वह पिछले करीब पांच वर्षों से अपने मायके में ही रह रही थी. बताया जाता है कि दुर्गापूजा के समय से ही वह अचानक लापता हो गई थी. उसके पिता पेशे से चरवाहा हैं.
इसे भी पढ़ें:
शव की पहचान उस समय हुई जब मीडिया के माध्यम से जंगल में युवती का शव मिलने की खबर आसपास के गांवों तक पहुंची. इसके बाद ग्रामीणों ने रानी के पिता को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही पिता और अन्य ग्रामीण पूर्वी टुंडी थाना पहुंचे जहां शव की पहचान रानी मरांडी के रूप में की गई.
परिजनों ने पुलिस को बताया कि रानी का पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी पहलू को देखते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है. युवती की मौत हत्या है या आत्महत्या इसे लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए SNMMCH धनबाद भेज दिया . पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

