Shambhu Kumar
Chaibasa News: पश्चिमी सिंहभूम जिला की कुमारडूंगी पुलिस ने जगन्नाथपुर और कुमारडूंगी के बीच शुक्रवार को जंगल से एक महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ है. मृतका की पहचान कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के गमपुर गांव की रहने वाली थी. शव की स्थिति को देखते हुए हत्या कर शव जंगल में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है.
बताया जाता है कि महिला 18 नवंबर से लापता थी. परिजनों के मुताबिक, उसी दिन सुबह उसे करंजिया निवासी दशरथ पुर्ति के साथ देखा गया था. आरोप है कि दशरथ पुर्ति ने वृद्धा पेंशन दिलाने का झांसा देकर उसे अपने साथ चलने को कहा था. इसके बाद वह महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया. देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की और पुलिस को भी इसकी सूचना दी.
इसे भी पढ़ें:
पुलिस ने कुमारडूंगी और जगन्नाथपुर के बीच जंगलनुमा झाड़ियों से महिला का शव बरामद किया गया. शव काफी सड़-गल जाने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर जांच एवं पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल भेज दिया.
इधर, मृतका के पति सुखराम ठठेरा ने बताया कि उन्होंने 18 नवंबर की सुबह अपनी पत्नी को दशरथ पुर्ति के साथ बातचीत करते देखा था. उन्होंने आरोप लगाया कि पेंशन दिलाने के बहाने दशरथ उसकी पत्नी को साथ ले गया और बाद में उसकी हत्या कर शव जंगल में फेंक दिया.
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद से दशरथ पुर्ति गांव छोड़कर फरार है. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

