Chatra: शहर के लाइन मोहल्ला हजरत गली निवासी शादमान मलिक का शव एक सप्ताह बाद बरामद होने से पूरे परिवार में मातम छा गया. वह 13 जुलाई से लापता था. परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और गुमशुदगी का विज्ञापन भी जारी किया था, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था.

परिजनों के अनुसार शादमान 13 जुलाई को रांची से चेन्नई जाने के लिए ट्रेन से रवाना हुआ था. यात्रा के दौरान अचानक उससे संपर्क टूट गया. बाद में जानकारी मिली कि छत्तीसगढ़ के रायगढ़ क्षेत्र में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान नहीं हो सकी थी.
इसे भी पढ़ें:
बताया जा रहा है कि सफर के दौरान शादमान ट्रेन के दरवाजे के पास बैठा था. आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वह चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई. हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
रायगढ़ पुलिस की कस्टडी में रखे गए शव की पहचान बाद में मृतक के भाई ने उसके हाथ पर बने विशेष टैटू के आधार पर की. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया. शादमान की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई. कई दिनों से उसकी सकुशल वापसी की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पूरे मोहल्ले में भी गम का माहौल है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment