- सिटी डीएसपी ने देर रात शहर की पुलिसिया व्यवस्था का किया निरीक्षण
Bokaro : सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने बीती रात शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया. एसपी के निर्देश पर उन्होंने बी.एस. सिटी, सेक्टर-04, सेक्टर-12, सेक्टर-06 और हरला थाना क्षेत्रों में चल रही रात्रि गश्ती, ओ.डी. ड्यूटी और रक्षक राइडर की जांच की. इसका उद्देश्य शहर में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था.
डीएसपी ने निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की मुस्तैदी को परखा. साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि रात के समय संदिग्ध लोगों और वाहनों की सख्ती से जांच की जाए. इसके अलावा, सुनसान और संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करने को कहा गया है, ताकि चोरी और सेंधमारी जैसी घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके.
सिटी डीएसपी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में बेहतर पुलिसिंग बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं.

