Bokaro News : बोकारो के डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-4 की शिक्षिका ने एक छात्र की बेरहमी से पिटाई कर दी. छठी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ऋतुराज के पिता रामप्रवेश सिंह ने स्कूल की अंग्रेजी शिक्षिका चंदा ठाकुर के खिलाफ लिखित शिकायत की है और कार्रवाई की मांग की है. स्कूल के प्रिंसिपल ने कार्रवाई करने और इलाज का खर्च उठाने का आश्वासन दिया है.
लिखित शिकायत के अनुसार, 25 नवंबर को क्लास रूम में पढ़ाई के दौरान किसी बात को लेकर शिक्षिका ने उनके बेटे की पिटाई कर दी. आरोप है कि चंदा ठाकुर ने इतनी बेरहमी से पीटा कि बच्चे के सिर में सूजन हो गया और दाहिने कान से सुनने में भी परेशानी हो रही है.
इसे भी पढ़ें
पिता ने शिकायत में यह भी बताया है कि उनका बेटा पहले से ही ब्रेन संबंधी बीमारी से पीड़ित है और उसका इलाज सीएमसी वेल्लोर में चल रहा है. इसकी जानकारी स्कूल प्रबंधन को 22 अप्रैल 2025 को ही लिखित आवेदन के माध्यम से दी गई थी. इसके बावजूद बच्चे के साथ इस तरह की घटना होने से परिवार चिंतित है.
बोकारो उपायुक्त कार्यालय में कार्यरत रामप्रवेश सिंह ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही भविष्य में उनके बच्चे के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए स्कूल में उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की है.
वहीं सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने लिखित शिकायत आने के बाद मामले की जांच करने की बात कही है. उन्होंने कहा है कि जांच के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा. इस संबंध में स्कूल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया. लेकिन वे बचते नजर आए. स्कूल प्रबंधन का बयान सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा.

