Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

बोकारो: सीवनडीह-B.S सिटी स्टेशन व जोधाडीह-ITI मोड़ फ्लाईओवर की DPR तैयार, जल्द होगा निर्माण

Bokaro: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात प्रबंधन, स्कूल बस सुरक्षा, राष्ट्रीय राजमार्गों पर संरचनात्मक सुधार तथा प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा की गई.

 

समीक्षा क्रम में उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जानकारी ली. इस दौरान एनएचएआइ द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग 23 पर सीवनडीह मोड़ से बोकारो स्टील सिटी स्टेशन मोड़ तथा जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक फ्लाईओवर निर्माण को लेकर डीपीआर तैयार है तथा प्रक्रिया पूर्ण कर जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. उपायुक्त ने इसे उच्च प्राथमिकता देते इसकी नियमित मॉनिटरिंग का निर्देश दिया.


वहीं, उपायुक्त ने एनएचएआई, डीटीओ, ट्रैफिक डीएसपी, बीडीओ/सीओ, बालीडीह थाना प्रभारी एवं माराफारी थाना प्रभारी को सीवनडीह मोड़ का संयुक्त भ्रमण कर दुर्घटना की दृष्टि से जांच कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया.


बैठक में उपायुक्त ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुपालन सुनिश्चित करने, स्कूल बस चालकों के लाइसेंस सत्यापन, पुलिस वेरिफिकेशन तथा हेल्थ चेकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.


उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर खड़े बड़े वाहनों की अवैध पार्किंग पर जुर्माना वसूलने, सड़क किनारे गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई करने तथा 24 से 48 घंटे के भीतर फुटपाथ एवं पाथवे की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. रॉन्ग डायरेक्शन में चलने वाले वाहनों के विरुद्ध ट्रैफिक पुलिस एवं डीटीओ को विशेष अभियान चलाने को कहा गया.

 


उपायुक्त ने निर्देश दिया कि बिना हेलमेट अथवा सीट बेल्ट लगाए किसी भी वाहन चालक को पेट्रोल नहीं दिया जाए. नियम उल्लंघन पाए जाने पर पेट्रोल पंप संचालकों पर लाइसेंस रद्द तक की कार्रवाई की चेतावनी दी गई.


बैठक में चास नगर निगम क्षेत्र में प्रवेश करने वाले वाहनों से टैक्स वसूली तेलमाचो ब्रिज के समीप सुनिश्चित करने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क निर्माण विभाग को सड़क किनारे नालियों की साफ-सफाई कराने को कहा गया. साथ ही उकरीद मोड़, जैनामोड़ आदि क्षेत्रों में एनएच से लेफ्ट दिशा की ओर जाने वाले वाहनों के लिए मोड़ से 75 - 100 मीटर अलग सड़क निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया.


राष्ट्रीय राजमार्गों पर मॉर्निंग वॉक करने वालों पर पूर्ण अंकुश लगाने, 108 एंबुलेंस सेवा को संवेदनशीलता के साथ संचालित करने, रात्रि वाहन जांच अभियान चलाने तथा उत्पाद विभाग को ढाबों में सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश उपायुक्त ने दिया. 


बैठक के दौरान सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर मानवता का परिचय देने वाले गुड समरिटन को उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया गया. उपायुक्त ने कहा कि संकट की घड़ी में पीड़ितों की सहायता करने वाले ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं.


उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके. मौके पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, एसडीओ चास  प्रांजल ढ़ांडा, जिला परिवहन पदाधिकारी  मारूति मिंज, एसडीओ बेरमो  मुकेश मछुआ, ट्रैफिक डीएसपी विद्यासागर, डीपीआरओ रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार समेत प्रतिनिधिगण आदि उपस्थित थे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही