Ranchi/Bokaro News : बोकारो से लापता हुई नाबालिग लड़की मामले की जांच के लिए सीबीआई तैयार है. साथ ही मामले की जांच सीबीआई को सौंपने पर राज्य सरकार को भी कोई आपत्ति नहीं है. इस मुद्दे पर अब हाईकोर्ट 25 अगस्त को सुनवाई करेगा.
उल्लेखनीय है कि बोकारो से 14 वर्षीय लड़की वर्ष 2020 में लापता हो गयी थी या उसका अपहरण कर लिया गया था. इस मामले में 16 अक्तूबर को थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी. प्राथमिकी की जांच पहले पुलिस ने की. लेकिन पुलिस लड़की का पता नहीं लगा सकी. जांच के दौरान तीन लोगों का NARCO टेस्ट कराया. फिर भी लड़की के सिलसिले में कोई जानकारी नहीं मिल सकी.
इसके बाद लड़की की मां ने हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की. मामले की सुनवाई के दौरान सरकार की ओर से यह जानकारी दी गयी कि नाबालिग लड़की के लापता होने की जांच CID को सौंपी गयी है. इसके बाद न्यायालय ने CID से रिपोर्ट मांगी. CID द्वारा दी गयी जानकारी से न्यायालय ने यह पाया कि मामले की जांच दूसरे राज्य में भी करने की जरूरत होगी. इसके बाद इस मामले में सीबीआई से कराने की मांग की गयी.
इस मांग के आलोक में कोर्ट ने राज्य सरकार से यह जानना चाहा कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपने पर सरकार को कोई आपत्ति है या नहीं. सरकार की ओर से कहा गया कि अगर न्यायालय सीबीआई को जांच सौंप दे तो कोई आपत्ति नहीं है. इसके बाद कोर्ट ने सीबीआई से जानना चाहा कि वह जांच के लिए तैयार है या नहीं. सीबीआई की ओर से भी यह कहा गया कि अगर न्यायालय जांच की जिम्मेवारी सौंपे तो वह जांच के लिए तैयार है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

