Bokaro News : बोकारो शहर के सेक्टर वन कैंप-2 स्थित सुधा मिल्क पार्लर संचालक दंपती पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार बादल कुमार सेक्टर-1सी विकास नगर का रहने वाला है. उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया है.यह जानकारी सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने गुरुवार को सेक्टर-1 स्थित अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी.
इसे भी पढ़ें
डीएसपी ने बताया कि बीते 6 नवंबर की रात करीब 12 बजे कैंप-2 स्थित सुधा मिल्क पार्लर के संचालक अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. दोनों घायलों को इलाज के लिए बीजीएच में भर्ती कराया गया था. इस संबंध में बीएस सिटी थाना में कांड संख्या 240/26 के तहत मामला किया गया था.
पुलिस ने जांच के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान की. अनुसंधान में पता चला था कि करीब 20 साल का एक हाथ वाला युवक वारदात में शामिल है. इसके बाद पुलिस ने विकास नगर में छापेमारी कर बादल कुमार को पकड़ा. पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि वह सदर अस्पताल से अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान सुधा मिल्क पार्लर चलाने वाली महिला से उसकी कहासुनी हो गई. विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर उसने चाकू से अनिल गोस्वामी और उनकी पत्नी शांति देवी पर हमला कर दिया. कार्रवाई में बीएस सिटी थाना प्रभारी ममता कुमारी, एसआई कौशलेन्द्र कुमार, एएसआई रंजन मिश्रा और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

