Search

 
 
 

Bokaro News : BMW कंपनी के संचालक से रंगदारी मांगने वाला प्रिंस खान गैंग का मुख्य सहयोगी गिरफ्तार

जिले में सक्रिय अपराधी गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. कुख्यात गैंग से जुड़े एक आरोपी को बालीडीह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है. उस पर एक औद्योगिक प्रतिष्ठान (बीएमडब्लू) से रंगदारी मांगने का आरोप है.
 
  • प्रिंस खान से सीधे संपर्क में था आरोपी
  • डेढ़ लाख रुपये लेकर लिखा धमकी भरा पर्चा
  • व्हाट्सएप कॉल और वायरल वीडियो से रंगदारी रैकेट का खुलासा
  • मोबाइल से मिले कई अहम डिजिटल सबूत
  • गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में उगले कई राज

Bokaro :   बालीडीह स्थित बीएमडब्ल्यू प्लांट के संचालक से रंगदारी मांगने और नहीं देने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है.

 

पुलिस का दावा है कि राकेश कुमार बोकारो में प्रिंस खान गैंग का प्रमुख सहयोगी था और इलाके में गैंग का प्रभाव बढ़ाने की जिम्मेदारी निभा रहा था. फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. जबकि पुलिस गैंग के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है. 

 

दरअसल  बीएमडब्लू कंपनी के संचालक से कथित तौर पर रंगदारी की मांग की गई थी. इस मामले में बीते 12 मार्च को प्लांट के मैनेजर सुरेश कुमार सिंह ने बालीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. आरोप था कि फैक्ट्री लगाने और संचालन के एवज में उनसे रंगदारी मांगी जा रही है और धमकी दी जा रही है.

 

शिकायत मिलते ही पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू की. मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई. लेकिन मुख्य आरोपी  हर बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो जा रहा था. इसी बीच पुलिस ने गुप्त सूचना मिली कि वह बोकारो आया हुआ है.

 

सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन किया गया और उसे बालीडीह थाना क्षेत्र से धर दबोचा.  गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा सके.

 

गिरफ्तार राकेश कुमार ने स्वीकार किया है कि वह सीधे प्रिंस खान के अंतरराष्ट्रीय व्हाट्सएप नंबर के संपर्क में था. पुलिस के अनुसार, प्रिंस खान के निर्देश पर ही उसने अपने हाथों से धमकी भरा पर्चा लिखा और उसे कंपनी तक पहुंचाया. बाद में उसी पर्चे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बीएमडब्ल्यू प्लांट पर दबाव बनाने की कोशिश की गई.

 

सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि इस काम के बदले राकेश को दो अलग-अलग बैंक खातों में कुल 1.50 लाख रुपये भेजे गए थे. पुलिस अब इस पैसे के लेन-देन और गैंग के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

 

आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. बरामद मोबाइल में प्रिंस खान से कई बार हुई बातचीत, कॉल रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जो जांच को नई दिशा दे रहे हैं. फिलहाल पुलिस गैंग के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है. 

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही