Search

 
 
 

Bokaro News:  बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी

बोकारो समाहरणालय में बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी.
 

Bokaro: बोकारो समाहरणालय में बुधवार को उपायुक्त अजय नाथ झा एवं पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन कर बकरीद पर्व को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियों की जानकारी दी. उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन दृढ़ संकल्पित है. सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. 

 

विधि-व्यवस्था बिगाड़ने अथवा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की पोस्ट, फोटो अथवा संदेश साझा करने से पूर्व उसकी सत्यता अवश्य जांच लें. प्रशासन पूरी तरह चौकस, सतर्क एवं अलर्ट मोड में कार्य कर रहा है. समाज के सभी लोग निर्भीक होकर आपसी भाईचारे एवं सामूहिक सांस्कृतिक सौहार्द के साथ पर्व मनाएं.

 

क्षेत्रों में फ्लैग मार्च एवं जनसंवाद जारी

उपायुक्त ने कहा कि अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं डीएसपी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया है. आमजनों से सीधा संवाद स्थापित किया गया. प्रशासन ने अमन-चैन एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक एवं ठोस कदम उठाए हैं.


उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट साझा नहीं करें, नहीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

 

सूचना मिलने पर तुरंत करें साझा

उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी मीडिया प्रतिनिधि को किसी प्रकार की सूचना प्राप्त होती है, तो वे सीधे जिला नियंत्रण कक्ष, मीडिया पदाधिकारियों अथवा प्रशासनिक अधिकारियों के साथ साझा करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. उन्होंने बताया कि सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अननोन कॉल, मीडिया प्रतिनिधियों एवं जनप्रतिनिधियों के कॉल अवश्य रिसीव करें.

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी : एसपी

पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने कहा कि विशेष शाखा से प्राप्त इनपुट सभी संबंधित पदाधिकारियों के साथ साझा कर दिए गए हैं. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा सभी स्थानों पर संयुक्त फ्लैग मार्च किया जा रहा है.


उन्होंने बताया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है. बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नौ क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) भी तैनात की गई हैं.  पुलिस बल को बकरीद पर्व के दो दिन बाद तक प्रतिनियुक्त रखा गया है.

 

CCTV, ड्रोन व सोशल मीडिया मॉनिटरिंग 

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नमाज अदा करने का समय निर्धारित किया गया है तथा सभी थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई हैं. सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल का भी गठन किया गया है, जो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखेगा.
उन्होंने आमजनों से अफवाहों से बचने एवं आपसी भाईचारे के साथ बकरीद पर्व मनाने की अपील करते हुए सभी को बकरीद की शुभकामनाएं दीं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही