Bokaro News : बोकारो जिले के बोकारो थर्मल स्थित लाल चौक-जरबा बस्ती मार्ग के पास शनिवार की सुबह स्कूली बच्चों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ऑटो पर सवार 10 से 12 बच्चे घायल हो गये. सभी बच्चे बोकारो थर्मल के फेज-टू कॉलोनी के रहने वाले बताये गये हैं.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों को डीवीसी बोकारो थर्मल अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चों को बेहतर देखभाल की सलाह दी है. सभी बच्चों को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया.
इसे भी पढ़ें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे ऑटो (जेएच 10 बीडी 1534) 12 से 14 बच्चों को बैठाकर स्कूल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान आगे चल रहे एक हाइवा को ओवरटेक करने के प्रयास में ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और सड़क पर ही पलट गया.
हादसे में ईरम नाज के दाहिने हाथ में गंभीर अंदरूनी चोट आयी है. वहीं गुलाम मोइउद्दीन के गाल तथा मो. रजाब तैयब के होंठ और दांत में चोट लगी है. लकी मुर्मू समेत अन्य बच्चों को भी मामूली चोटें आयी हैं. घटना के बाद अभिभावकों ने स्कूल समय में बच्चों की सुरक्षा पर सवाल उठाये हैं. परिजनों का कहना है कि बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाकर स्कूल ले जाने वाले वाहनों पर कार्रवाई होनी चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

