Bokaro News : बोकारो मुफस्सिल थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई. दुर्घटना में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा शुक्रवार की रात तियाड़ा मोड़ के समीप हुआ. मृतक की पहचान पिंड्राजोड़ा के चापाटांड़ निवासी सरोज कुमार (21) के रूप में हुई. घायलों में अमित कुमार (19) व लक्ष्मण कुमार शामिल हैं. लक्ष्मण की स्थिति नाजुक है.
इसे भी पढ़ें
परिजनों के अनुसार, लक्ष्मण कुमार अपनी बहन से राखी बंधवाने के लिए छत्तीसगढ़ से घर लौट रहा था. वह ट्रेन से पुरुलिया स्टेशन पहुंचा. इसके बाद बस से घर आने के दौरान वह गलती से चंदनकियारी पहुंच गया. इसकी जानकारी मिलने पर उसे लाने के लिए सरोज कुमार व अमित कुमार बाइक से चंदनकियारी गए थे. दोनों लक्ष्मण को लेकर एक ही बाइक से घर लौट रहे थे.
इसी दौरान तियाड़ा मोड़ के समीप उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रक से टकरा गई. हादसे के समय तेज बारिश और अंधेरा था. आशंका जताई जा रही है कि अंधेरे के कारण बाइक सवारों को सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और बाइक सीधे ट्रक से जा टकराई. हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों को सदर अस्पताल बोकारो पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सरोज कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं अमित कुमार और लक्ष्मण कुमार का इलाज जारी है. लक्ष्मण की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

