Bokaro News : बोकारो सेक्टर-4 सिटी सेंटर में नेक्सा शोरूम के पास बुधवार को टेस्ट ड्राइव के दौरान एक नई कार अनियंत्रित होकर बाइक से टकरा गई. टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते कार और वहां खड़ी बाइक जलकर खाक हो गई. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई.
इसे भी पढ़ें
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिना नंबर प्लेट की नई कार पर दो लोग सवार थे. बताया जा रहा है कि नेक्सा शोरूम से ग्राहक कार लेकर शोरूम के एक कर्मचारी के साथ टेस्ट ड्राइव पर निकला था. इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और दुकान के सामने खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मारते हुए पास की चाय दुकान में जा घुसी. इसके बाद कार में आग लग गई.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कार पर सवार दोनों लोग टक्कर लगते ही बाहर निकले और वहां से भाग गए. हादसे में दोनों को चोट लगने की भी बात सामने आई है. कार में आग लगने की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. तब तक कार और बाइक पूरी तरह जल चुकी थीं
मौके पर मौजूद अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. घटनास्थल के आसपास कई दुकानें हैं. यदि आग फैल जाती, तो आसपास की दुकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

