Bokaro News : बोकारो के को-ऑपरेटिव कॉलोनी जगदंबा मेडिकल स्थित डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के क्ल्निक में इलाज के दौरान करीब छह माह के एक बच्चे की मौत हो गई. बच्चा चंदनकियारी का रहने वाला था. घटना के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक में जमकर हंगामा किया. हंगामे होते देख क्लीनिक के नर्स, कंपाउंडर और डॉक्टर चुपके से वहां से निकल गए. बीएस सिटी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और डॉक्टर से पूछताछ की.
इसे भी पढ़ें
बच्चे के पिता विकास दास ने बताया कि बच्चे का इलाज शुरू से ही डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह के यहां कराया जा रहा था. शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर उसे क्लिनिक लाया गया. डॉक्टर ने निमोनिया होने की बात कही और बच्चे को दवा के साथ भाप देने की भी सलाह दी. परिजनों का आरोप है कि भाप देने के दौरान बच्चे की स्थिति बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई. इसके बाद उसे दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई, जहां डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया.
वहीं, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने लापरवाही के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया. उनका कहना है कि बच्चे की स्थिति पहले से ही गंभीर थी. क्लिनिक पहुंचने पर उन्होंने बच्चे को भर्ती करने की सलाह दी थी. परिजनों की सहमति के बाद दवा दी गई और सांस लेने में परेशानी को देखते हुए नेबुलाइजेशन कराया गया. स्थिति बिगड़ने पर उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

