Bokaro News : नमामि गंगे योजना के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ और ‘सेवा संकल्प’ अभियान के क्रम में शुक्रवार को बोकारो समाहरणालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व उपायुक्त सह जिला गंगा समिति के अध्यक्ष अजय नाथ झा ने किया. अभियान में अधिकारियों और कर्मचारियों ने परिसर में झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया.
स्वच्छता से ही स्वस्थ जीवन है : डीसी
अभियान के दौरान डीसी अजय नाथ झा ने कहा कि स्वस्थ और खुशहाल जीवन के लिए स्वच्छता बेहद जरूरी है. महात्मा गांधी ने स्वच्छता को लेकर जो संदेश दिया, वह आज भी सभी के लिए प्रेरणा है. उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति अपने घर और कार्यालय को साफ रखें तो गलियां भी अपने आप स्वच्छ हो जाएंगी.
इसे भी पढ़ें
एसपी ने गिनाए गंदगी के नुकसान
एसपी नाथू सिंह मीणा ने भी स्वच्छता को जरूरी बताते हुए कहा कि गंदगी की वजह से कई तरह की बीमारियां होती है. उन्होंने लोगों से अपने घरों के साथ-साथ आसपास के इलाकों को भी साफ रखने की अपील की. एसपी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की इसमें भागीदारी जरूरी है.
हस्ताक्षर अभियान चला, दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया. अधिकारियों, कर्मचारियों और मौजूद लोगों ने बोकारो की नदियों, गलियों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया. इस दौरान डीसी अजय नाथ झा ने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई.

