- टाइगर मोबाइल ने देखा शव
Bokaro News : सेक्टर-4 थाना क्षेत्र के कूलिंग पौंड में शुक्रवार की सुबह एक युवक (20 वर्षीय) का शव मिला है. मृतक की पहचान सेक्टर-9 निवासी रोशन कालिंदी के रूप में हुई है. वह सेक्टर-9 के क्वार्टर नंबर 134, स्ट्रीट नंबर 11 में परिवार के साथ रहता था और सिटी कॉलेज से स्नातक (ग्रेजुएशन) की पढ़ाई कर रहा था.
सेक्टर-4 थाना के एसआई एमए हक के अनुसार, शुक्रवार सुबह पुलिस टीम पेट्रोलिंग कर रही थी. इसी दौरान कूलिंग प्वाइंट के पास एक व्यक्ति का सिर दिखा. पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो युवक का शव पड़ा मिला.
इसे भी पढ़ें
परिजनों के अनुसार, रोशन गुरुवार की शाम करीब सात बजे घर से निकला था. इसके बाद वह वापस नहीं लौटा. देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की. लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. इसके बाद शुक्रवार सुबह कूलिंग प्वाइंट में उसका शव मिलने की सूचना के बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंचे.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. परिजन भी इसका कोई कारण नहीं बता पा रहे हैं. बताया गया कि रोशन पिछले कुछ दिनों से गुमसुम रह रहा था.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में सेक्टर-4 थाना में केस दर्ज कर जांच की जा रही है. पुलिस युवक के मोबाइल फोन और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

