Bokaro News: बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने मंगलवार को आयोजित ‘हम आपको सुनते हैं... लोक संवाद’ कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें:
कार्यक्रम में कुल 49 शिकायती आवेदन आए, इसी क्रम में चास प्रखंड के कुम्हारी गांव निवासी बुजुर्ग चंदचरण दत्ता अपनी समस्या को उपायुक्त के समक्ष रखा. चंदचरण दत्ता ने बताया कि बायोमेट्रिक दर्ज नहीं होने के कारण उन्हें पीडीएस से राशन का अनाज नहीं मिल रहा है. उनकी समस्या सुनते ही उपायुक्त ने जिला आपूर्ति कार्यालय को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त के निर्देश पर चंदचरण दत्ता का नाम पीडीएस डीलर के अनाबद पंजी में दर्ज करते हुए उन्हें नियमानुसार खाद्यान्न उपलब्ध कराने की कार्रवाई की गई. निर्देश के महज चंद घंटे के भीतर बुजुर्ग को मौके पर ही खाद्यान्न उपलब्ध करा दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि लोक संवाद कार्यक्रम केवल शिकायत सुनने का मंच नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक संवेदनशीलता के साथ प्रशासन की पहुंच सुनिश्चित करने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को अपने अधिकार के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़े, यह जिला प्रशासन की प्राथमिकता है.
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें, पात्र लाभुकों को उनका हक दिलाएं तथा मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं करें. उन्होंने कहा कि प्रशासन की संवेदनशीलता का वास्तविक अर्थ तभी है, जब जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या का समाधान समय पर हो और उसे उसके अधिकार का लाभ मिले.
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार, प्रशिक्षु आईएएस अरविंद राधाकृष्णन, डीईओ प्रवीण रंजन, डीएसई अतुल कुमार चौबे, प्रभारी पदाधिकारी जन शिकायत हेमलता बून, डीपीओ राज शर्मा, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, डीडीएमओ शक्ति कुमार समेत संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

