Search

 
 
 

Bokaro News: जनता दरबार में तुरंत कार्रवाई, 6 माह से लंबित मृत्यु प्रमाण-पत्र घंटों में जारी

बोकारो समाहरणालय में शुक्रवार को जनता दरबार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें उपायुक्त  अजय नाथ झा ने जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
 

Bokaro: बोकारो समाहरणालय में शुक्रवार को जनता दरबार कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें उपायुक्त  अजय नाथ झा ने जिलेभर से पहुंचे लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. कार्यक्रम में शिक्षा, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, भूमि विवाद, आपूर्ति एवं नगर प्रशासन से जुड़े मामलों पर सुनवाई हुई.

 
चंदनकियारी प्रखंड अंतर्गत घटियाली पूर्वी निवासी लक्ष्मी देवी ने जनता दरबार में अपने पति स्व. विनोद कालिंदी के मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत नहीं होने की शिकायत रखी. उन्होंने बताया कि दिसंबर 2025 में उनके पति का निधन हो गया था तथा पंचायत कार्यालय में आवेदन देने के बावजूद छह माह बाद भी प्रमाण पत्र नहीं बनाया गया. 


मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. उपायुक्त के निर्देश पर पंचायती राज पदाधिकारी ने पहल करते हुए चंद घंटों के भीतर मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा कर लाभुक को सौंप दिया. साथ ही कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित पंचायत सचिव को फटकार भी लगाई गई.


कार्यक्रम में चंदनकियारी प्रखंड के भोजुडीह-नापित टोला निवासी दिव्यांग निमाई परवीन भी पहुंचे. उन्होंने क्षेत्र के विद्यालय की मरम्मति कराने का अनुरोध उपायुक्त से किया. उपायुक्त ने उनकी सामाजिक सोच एवं शिक्षा के प्रति जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में इस प्रकार की पहल अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी है. उन्होंने मौके पर ही विद्यालय मरम्मति को लेकर कार्रवाई करने का संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया.


जनता दरबार में चास, नावाडीह, चंदनकियारी, जरीडीह एवं चंद्रपुरा प्रखंडों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं. उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों की जांच कर नियमानुसार जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मौके पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा सुचिता किरण, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही