Bokaro News : बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) में विस्थापित परिवारों व अप्रेंटिस प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं की स्थायी नियुक्ति की मांग तेज हो गई है. बोकारो विधायक श्वेता सिंह ने इस मुद्दे पर 21 अक्टूबर को हुई त्रिपक्षीय वार्ता में लिए गए फैसलों पर कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने इस संबंध में बोकारो डीसी व बीएसएल प्रबंधन को पत्र लिखा है.
इसे भी पढ़ें
विधायक ने पत्र में कहा है कि बीएसएल अधिकारियों, विस्थापित अप्रेंटिस संघ और विस्थापित संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में नियुक्ति के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई. यह सहमति बनी कि बीएसएल प्रबंधन विस्थापित परिवारों के सदस्यों को चतुर्थ वर्ग के पदों पर स्थायी नियुक्ति देने के लिए नियोजन नीति तैयार करे. इसका प्रस्ताव डीसी व बीएसएल के निदेशक प्रभारी को उपलब्ध कराया जाना है.
विधायक ने करीब 1500 विस्थापित अप्रेंटिस प्रशिक्षित युवाओं की स्थायी नियुक्ति के लिए विशेष प्रावधान करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि इन युवाओं के प्रशिक्षण और योग्यता को ध्यान में रखते हुए समयबद्ध तरीके से नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी की जाए. इसके अलावा, प्रशिक्षण पूरा कर चुके 2828 छात्रों की अप्रेंटिसशिप पूरी कर उन्हें भी स्थायी नियुक्ति देने की मांग की है.
पत्र में स्व. प्रेम महतो के आश्रित को बीएसएल में नियोजन देने की मांग भी शामिल है. विधायक ने कहा कि इस संबंध में पहले दिए गए आश्वासनों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार के माध्यम से इन प्रस्तावों को केंद्र सरकार के इस्पात मंत्रालय और संबंधित सक्षम प्राधिकार के पास भेजने की मांग की. कहा कि बीएसएल केंद्र सरकार के इस्पात मंत्रालय के नियंत्रण में काम करता है. इसलिए विस्थापितों और प्रशिक्षित युवाओं की नियुक्ति के मामले में केंद्र सरकार का हस्तक्षेप भी जरूरी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

