Bokaro News : बोकारो के सेक्टर 12-ई में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब जर्जर क्वार्टरों का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ. घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. जानकारी के अनुसार क्वार्टर संख्या 1283 से 1295 तक का हिस्सा अचानक ढह गया. बिल्डिंग गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई.
इसे भी पढ़ें
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान एक बुजुर्ग व्यक्ति अंदर मौजूद थे. उन्हें फायर ब्रिगेड की गाड़ी के सहारे सुरक्षित नीचे उतारा गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों के अनुसार क्वार्टर काफी समय से जर्जर हालत में थे. इस घटना से पुराने और जर्जर आवासों में रह रहे लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. सूचना पाकर बीएसएल की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.
इस बीच मजदूर यूनिय सीटू का एक प्रतिनिधिमंडल मौके पर पहुंचा और मामले की जांच की. यूनियन के कोषाध्यक्ष देव कुमार ने कहा कि बीएसएल प्रबंधन शहर के सौंदर्यीकरण के नाम करोड़ों रुपए खर्च करता है. अतिक्रमण हटाओ अभियान के नाम पर एक पूरा लाव-लश्कर चलता है. लेकिन जिन आवासों में उनके कर्मचारी व पूर्व कर्मचारी रहते हैं, उनकी नियमित मरम्मत व रखरखाव की व्यवस्था नहीं के बराबर है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

