Bokaro News: गोमिया में करम पर्व के मौके पर आयोजित झूमर कार्यक्रम देखकर घर लौट रहे 65 वर्षीय मुंद्रिका यादव बुधवार तड़के कोनार नदी के तेज बहाव में बह गए. घटना के बाद जोबेड़ा गांव में मातम पसरा है. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस नदी में उनकी तलाश शुरू की. गोताखोरों की मदद से भी खोजबीन की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:
झूमर देखकर लौट रहे थे घर
बताया जाता है कि मुंद्रिका यादव मंगलवार की शाम सीमावर्ती बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गंडके गांव में करमा उत्सव के अवसर पर आयोजित झूमर कार्यक्रम देखने गये थे. रातभर कार्यक्रम देखने के बाद बुधवार की सुबह वह नदी के रास्ते अपने घर जोबेड़ा लौट रहे थे. इसी दौरान कोनार नदी में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया. बहाव की चपेट में आने से उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में बह गये.
ग्रामीणों ने बचाने का किया प्रयास
घटना के समय कुछ ग्रामीण नदी में मछली पकड़ रहे थे. ग्रामीणों ने मुंद्रिका यादव को तेज धारा में बहते देखा और शोर मचाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया. हालांकि, नदी का बहाव तेज होने के कारण वे उन्हें बाहर नहीं निकाल सके. देखते ही देखते मुंद्रिका यादव पानी में ओझल हो गये.
गोताखोरों की मदद से खोजबीन जारी
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे. पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में नदी में खोजबीन शुरू की गयी. गोताखोरों की मदद से मुंद्रिका यादव की तलाश की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

