Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Bokaro News : आम्रलिका महोत्सव में किसानों, स्वयं सहायता समूहों व आम उत्पादकों को मिला बड़ा मंच

जिला परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित आम्रलिका आम महोत्सव-2026 में जिले के जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों व आम उत्पादकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया
Advertisement
Advertisement

Bokaro : जिला परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित आम्रलिका आम महोत्सव-2026 में जिले के जन प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, किसानों, स्वयं सहायता समूहों की दीदियों व आम उत्पादकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम उत्पादकों को विपणन का बेहतर मंच उपलब्ध कराना तथा जिले में बागवानी आधारित आजीविका को बढ़ावा देना है.

 

Uploaded Image

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त अजय नाथ झा ने कहा कि आम्रलिका आम महोत्सव स्वाद, सुगंध और संस्कृति का संगम है. उन्होंने कहा कि किसी भी कार्यक्रम की सफलता केवल उत्पादों की बिक्री से नहीं आंकी जाती, बल्कि इसमें भाग लेने वाले किसानों और आयोजन से जुड़े लोगों के चेहरे पर दिखने वाली खुशी और संतोष ही इसकी वास्तविक सफलता का पैमाना है. उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 के बाद राज्य सरकार व माननीय मुख्यमंत्री की प्रेरणा से बिरसा हरित ग्राम योजना को अभियान के रूप में आगे बढ़ाया गया.

 


आज जिले में लगभग 4,500 एकड़ से अधिक क्षेत्र में बागवानी विकसित की गई है तथा लगभग 5,500 किसान इससे जुड़े हुए हैं. उन्होंने कहा कि शुरुआत में लोगों की रुचि कम थी, लेकिन आज किसान एक-दूसरे को देखकर इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.

 

उपायुक्त ने कहा कि भारत विश्व के कुल आम उत्पादन का लगभग 40 प्रतिशत उत्पादन करता है. झारखंड की प्राकृतिक हरियाली, संस्कृति और मिठास को आम के साथ जोड़कर ब्रांडिंग की जाए तो राज्य के आम को देशभर में नई पहचान मिल सकती है. उन्होंने लक्ष्य रखा कि आने वाले वर्षों में बोकारो के आम की मांग पूरे देश में हो और यहां के किसान सीधे बड़े बाजारों से जुड़ें.

 

उपायुक्त ने युवाओं से कृषि व बागवानी आधारित उद्योगों में संभावनाएं तलाशने की अपील की. उन्होंने कहा कि आम आधारित प्रसंस्करण इकाइयों, मूल्य संवर्धन तथा एग्रो-बेस्ड उद्योगों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित किए जा सकते हैं. उन्होंने डीएमएफटी व अन्य योजनाओं के माध्यम से आम उत्पादों पर आधारित महिला समूहों और किसान उत्पादक संगठनों को प्रोत्साहित करने का सुझाव दिया.

 

उपायुक्त ने कहा कि बोकारो केवल इस्पात, उद्योग और खनिजों के लिए ही नहीं, बल्कि कृषि, बागवानी और स्थानीय उत्पादों के लिए भी जाना जाए. उन्होंने जिलेवासियों से स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित आम खरीदने तथा बोकारो के आम को राज्य और देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाने का आह्वान किया.

 

मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष सुनीता देवी ने कहा कि आम फलों का राजा है और इसकी बागवानी किसानों के लिए आय का अच्छा स्रोत बन रही है. उन्होंने कहा कि जिले की स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और किसान इस क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने प्रत्येक पंचायत स्तर पर ऐसे आयोजनों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया ताकि किसानों और महिला समूहों को अधिक अवसर मिल सकें.

 

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि आम्रलिका आम महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने उत्पादों का विपणन कर अधिक लाभ अर्जित कर सकें.उन्होंने बताया कि बिरसा हरित ग्राम योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत भूमिहीन, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग व अन्य जरूरतमंद किसानों को फलदार पौधे उपलब्ध कराए जाते हैं.

 


पौधों के रखरखाव, सिंचाई, तकनीकी मार्गदर्शन तथा अन्य आवश्यक सहायता भी योजना के अंतर्गत दी जाती है.उप विकास आयुक्त ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक जिले में लगभग 4,500 एकड़ बंजर भूमि को हरित क्षेत्र में परिवर्तित किया गया है. योजना के तहत किसानों को फल उत्पादन के साथ-साथ अंतरवर्ती खेती (इंटरक्रॉपिंग) का भी लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है.उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष अब तक जिले में 50 टन से अधिक आम का उत्पादन दर्ज किया गया है. जिले के नौ प्रखंडों से लाभुकों ने महोत्सव में भाग लिया है. मल्लिका, आम्रपाली और लंगड़ा जैसी प्रमुख किस्मों के आम प्रदर्शित व विक्रय के लिए उपलब्ध हैं.

 

उन्होंने लोगों से अधिकाधिक आम खरीदने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की, ताकि किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिल सके.महोत्सव में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए किसानों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं एवं आम उत्पादकों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन दिया तथा किसानों का उत्साहवर्धन किया.

 

मौके पर अपर समाहर्ता सुनील कुमार, एआरएम  विनीत कुमार,एसडीओ चास  प्रांजल ढ़ांडा, एएसपी वेदान्त शंकर आदि ने भी संबोधित किया.डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मो. सफीक आलम, डीएसडब्ल्यूओ डा. सुमन गुप्ता, डीपीआरओ रवि कुमार, डीपीएम  अनील डुंगडुंग, एडीएसएस सुचिता किरण,डीईओ जगरनाथ लोहरा, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, नोडल पदाधिकारी पंकज दुबे, सीएसआर नोडल शक्ति कुमार समेत सभी बीडीओ/सीओ उपस्थित थे.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही